शामली। घर-घर जाकर नौनिहालों को पिलाई जा रही पोलियो खुराक के अभियान का निरीक्षण करने के लिए मंगलवार सुबह सीएमओ डाक्टर राजकुमार सिंह सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कुड़ाना पहुंचे। उन्होंने गांव में घूमकर पल्स पोलियो अभियान के तहत दवा पिलाने के कार्य का सत्यापन किया। इस दौरान डाक्टरों में हड़कंप मचा रहा।
रविवार को बूथों पर पोलियो अभियान के तहत दवाई पिलाई गई थी। इसके बाद दूसरे चरण में सोमवार से स्वास्थ्य विभाग की डोर-टू-डोर जाने वाली टीम द्वारा घर-घर जाकर एंटी पोलियो की दवाई पिलाई जा रही है। मंगलवार को इसके सत्यापन के लिए सीएमओ डाक्टर राजकुमार सिंह गांव कुड़ाना पहुंच गए। उन्होंने घर-घर जाकर दवाई पिला रही टीमों से जानकारी हासिल की। सीएमओ के आने की सूचना पर डाक्टरों में हड़कंप मच गया। सूचना पर जिला प्रतिरक्षण अधिकारी राजकुमार सागर भी मौके पर पहुंच गए। टीमों का भौतिक सत्यापन करने के बाद सीएमओ सीएचसी कुड़ाना पहुंचकर निरीक्षण किया। उन्होंने डाक्टरों को सही समय पर कार्य करने की नसीहत दी। उन्होंने कहा कि किसी भी सूरत में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
डोर डू डोर अभियान में 584 टीमें
पूरे जिले में पोलियो अभियान के दूसरे चरण में डोर-टू-डोर जाकर बच्चों को दवाई पिलाने के लिए 584 टीमों को लगाया गया है। जिले के पांचों ब्लॉक, शामली, कैराना, कांधला, थानाभवन और ऊन में यह अभियान चलाया जा रहा है।