कार्य के प्रति लापरवाही पर होगी कार्रवाई
शामली। शिक्षामित्र संगठन ने बीएसए से पिछले दिनों मानदेय देरी से भेजने पहुंचने को लेकर शिकायत की थी, जिसके बाद बीएसए ने सभी खंड शिक्षा अधिकारियों को सभी का उपस्थिति बिल पत्र माह की तीन तारीख तक कार्यालय में भेजने के निर्देश जारी किए। उन्होंने लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों पर कार्रवाई करने के भी निर्देश दिए।
आदर्श शिक्षामित्र वेलफेयर एसोसिएशन के जिला उपाध्यक्ष अनुज शर्मा व जिला कोषाध्यक्ष अमित चौधरी ने 15 जनवरी को बेसिक शिक्षा अधिकारी चंद्रशेखर से शिक्षामित्रों का मानदेय देरी से पहुंचने पर रोष जताते हुए शिकायत करते हुए समय पर मानदेय भेजने की मांग की थी। शिक्षामित्रों का कहना था कि ब्लाक स्तर कार्यालय से अधिकारी शिक्षामित्रों की उपस्थिति बिल पत्र को जिला कार्यालय पर विलंब से भेजते है, जिस कारण मानदेय देरी से पहुंचता है। शनिवार को बीएसए ने कार्रवाई करते हुए सभी खंड शिक्षा अधिकारियों को माह की हर तीन तारीख तक ब्लाक कार्यालय से जिला स्तरीय कार्यालय पर संबंधित लिपिक को भेजने के निर्देश दिए, जिससे सभी शिक्षामित्रों का मानदेय माह की चार तारीख तक उनके खातों में भेजा जा सके। उन्होंने सभी अधिकारियों को लापरवाही बरतने पर कठोर कार्रवाई करने के भी निर्देश जारी किए।