- तीन माह पहले पानीपत के व्यापारी के मुनीम से 30 लाख रुपये लूट का मामला
संवाद न्यूज एजेंसी
शामली। शहर कोतवाली पुलिस ने पानीपत के मुनीम से ढाई माह पहले 30 लाख रुपये की लूट की घटना में शामिल आरोपी को पुलिस अभिरक्षा रिमांड पर लाकर पूछताछ की। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर लूटी गई रकम के 70 हजार रुपये बरामद किए।
पानीपत निवासी धागा व्यापारी के मुनीम अनिल निवासी कहलपा थाना बड़ौदा जनपद सोनीपत से तीन जून की शाम को भारत सरकार लिखी बुलेरो सवार बदमाशों ने खुद को जीएसटी अधिकारी बताकर उनकी कार को शामली क्षेत्र में चेकिंग के लिए रोक लिया था। बदमाशों ने उनसे 30 लाख रुपये लूट लिए थे। मुनीम उस समय चालक सतनाम निवासी नूर वाला पानीपत के साथ मेरठ से पानीपत लौट रहे थे। इस घटना में शहर कोतवाली पुलिस और एसओजी टीम घटना में शामिल 11 आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है।
एसपी रामसेवक गौतम ने बताया कि लूट की घटना में वांछित प्रवीण उर्फ कुकु निवासी गांव भूरा थाना कैराना को कुछ दिन पहले जिला मुजफ्फरनगर के थाना चरथावल पुलिस द्वारा गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था। शामली पुलिस ने जिला कारागार मुजफ्फरनगर जाकर आरोपी प्रवीण उर्फ कुकु से घटना के संबंध में पूछताछ की गई थी। बुधवार को न्यायालय की अनुमति लेकर पुलिस अभिरक्षा रिमांड पर लाकर आरोपी प्रवीण उर्फ कुकु से पूछताछ की गई और उसकी निशानदेही पर लूटी गई रकम से 70 हजार रुपये बरामद किए गए।