मध्यप्रदेश में फंसे 70 लोगों ने सीएम से लगाई गुहार
कांधला (शामली)। क्षेत्र के गांव हुरमजपुर के करीब 70 लोग मध्य प्रदेश में लॉकडाउन में फंसे हैं। उन्होंने वीडियो वायरल कर यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ से मध्य प्रदेश सरकार से वार्ता कर वहां से घर भेजे जाने की व्यवस्था करने की गुहार लगाई है।
गांव हुरमजपुर निवासी मंगलू, काला, रोहित सहित जनपद के करीब 70 लोग मध्यप्रदेश के जनपद नरसिंहपुरा के विभिन्न कस्बों में कोल्हू पर गुड़ एवं शक्कर पकाने के लिये गए थे। लॉकडाउन के बाद वहीं फंस गए। रविवार को बिटटू ने अपने मोबाइल से सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल करे हुए सीएम योगी आदित्यनाथ से मध्य प्रदेश सरकार से वार्ता कर वहां से निकालकर घर पहुंचाने की गुहार लगाई है। गांव हुरमजपुर निवासी रालोद नेता डाक्टर विक्रांत जावला ने बताया कि उन्होंने इस मामले में डीएम जसजीत कौर से वार्ता की है। डीएम ने कहा कि अभी ऐसे हालत नहीं है कि सभी लोगों को यहां पर लाया जा सके। उन्होंने मध्य प्रदेश के नरसिंहपुर जिले के डीएम से वार्ता कर लॉकडाउन में फंसे सभी लोगों को राहत सामग्री एवं स्वास्थ्य सेवा उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया है।