यमुना पर बने अस्थायी पुल का निरीक्षण किया
कैराना। यमुना खादर के मामौर खनन प्वाइंट पर यमुना पर बनाए अस्थायी पुल पर डीएम ने संज्ञान लिया है। डीएम के निर्देश पर एसडीएम और सीओ ने मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया। इस दौरान दोनों दिशाओं से अस्थायी पुल क्षतिग्रस्त पाया गया। मामले की रिपोर्ट डीएम को भेजी जा रही है।
पिछले दिनों प्रशासन ने यमुना खादर के मामौर में बालू खनन का पट्टा एनएम ट्रेडर्स कंपनी करनाल के नाम आवंटित किया था। खनन कार्य के लिए यूपी से हरियाणा को जोड़ने के लिए यमुना नदी पर अस्थायी पुल बनाया गया है। बृहस्पतिवार को डीएम के निर्देश पर एसडीएम डाक्टर अमित पाल शर्मा और सीओ राजेश कुमार तिवारी खनन प्वाइंट पर निरीक्षण करने के लिए पहुंचे। उन्होंने यमुना पर बनाए गए अस्थायी पुल की जांच-पड़ताल की। उन्होंने पट्टाधारक को सुप्रीम कोर्ट और एनजीटी की गाइडलाइन के अनुसार खनन किए जाने के निर्देश दिए। एसडीएम डाक्टर अमित पाल शर्मा ने बताया कि यमुना पर अस्थायी पुल के लिए ठेकेदार के पास सिंचाई विभाग से एनओसी मिली हुई है, लेकिन इसमें पुल बनाने के लिए शर्त होती है कि सीमेंट का इस्तेमाल नहीं हो सकता। इसीलिए पुल यूपी और हरियाणा दोनों दिशाओं से यमुना में बारिश का पानी आने के कारण टूट चुका है। यमुना की जलधारा के बीच में थोडा पुल ही शेष बचा है। एसडीएम ने कहा कि यह अस्थायी पुल कारगर नहीं होगा, इसकी रिपोर्ट डीएम को भेजी जा रही है।