अमर उजाला ब्यूरो
शामली। जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में भी फरवरी से ई-पोस (प्वाइंट ऑफ सेल्स) मशीन से खाद्यान्न वितरण होगा। ग्रामीण क्षेत्रों के राशन डीलर को ई-पोस मशीन का प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
शहरी क्षेत्रों में 112 राशन विक्रेताओं की दुकानों पर ई-पोस मशीन से खाद्यान्न वितरण किया जा रहा है। अब इसे ग्रामीण क्षेत्र में भी शुरू किया जा रहा है। ग्रामीण क्षेत्रों के राशन डीलर को ई-पोस मशीन का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। साथ ही ग्रामीण क्षेत्र के राशन डीलर और उपभोक्ता परिवार के एक सदस्य का आधार कार्ड और मोबाइल नंबर फीड किया जा रहा है। इन दोनों की मौजूदगी के बिना मशीन नहीं खुल पाएगी। एआरओ अजय कुमार ने बताया कि पांच फरवरी तक राशन डीलरों को ई-पोश मशीन का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इसके बाद ग्रामीण क्षेत्रों में मशीन के माध्यम से कार्डधारकों को खाद्यान्न वितरण शुरू किया जाएगा।
-- जिले के ग्रामीण क्षेत्रों राशन कार्ड धारक
अंत्योदय राशन कार्ड धारक 14 हजार 765
पात्र गृहस्थ राशन कार्डधारक 2 लाख 9 हजार 978
-- राशन कार्ड की यूनिट
अंत्योदय यूनिट 56 हजार 151
पात्र गृहस्थी यूनिट 9 लाख 30 हजार
तीन राशन डीलरों ने दिया त्यागपत्र
एआरओ अजय कुमार ने बताया कि शामली शहर क्षेत्र में मोहल्ला दयानंद नगर के राशन डीलर व कैराना के जोड़वा कुआं व ऊन तहसील क्षेत्र के हथछोया के राशन डीलर ने त्यागपत्र दे दिया है। इनमें शामली और कैराना के डीलरों के त्याग पत्र स्वीकार कर लिए गए है। उन्होंने बताया कि ई-पोस मशीन आने से ग्रामीण क्षेत्रों में राशन डीलर गड़बड़ी नहीं कर पाएंगे।