कैराना। नगर पालिका परिषद में 111 संविदा कर्मी सफाई कर्मियों के वेतन से 1600-1600 रुपये पीएफ के कटने पर सफाई कर्मचारियों ने जमकर हंगामा किया। उत्तर प्रदेश सफाई मजदूर महासंघ के अध्यक्ष मौके पर पहुंचे और सफाई ठेकेदार व जेई से वार्ता की। बाद में तीन दिन में समस्या के समाधान के आश्वासन पर मामला शांत हुआ।
नगर पालिका परिषद में 111 संविदा कर्मी सफाई कर्मचारी है। बृहस्पतिवार को सफाई कर्मचारियों ने नगर पालिका परिसर में जमकर हंगामा किया। बताया कि जिले में केवल कैराना नगर पालिका द्वारा ही प्रत्येक सफाई कर्मचारी के वेतन से 1600-1600 रुपये पीएफ के नाम पर काटने जा रहे है। हंगामे की सूचना पर उत्तर प्रदेश सफाई मजदूर महासंघ के अध्यक्ष सुभाष चंद मौके पर पहुंचे और सफाई निरीक्षक अनिल कुमार के अलावा सफाई ठेकेदार मोहम्मद कयूम व तौसिफ से वार्ता की। अध्यक्ष का कहना था कि कर्मचारियों के वेतन से अगर पीएफ काटा जाता है तो उन्हें पासबुक मिलनी चाहिए। नगर पालिका के अधिकारियों ने तीन दिन का समय मांगा है। काफी देर समझाने के बाद मामला शांत हुआ। उधर, नगर पालिका परिषद के कार्यालय अधीक्षक राकेश कुमार ने बताया कि भविष्य निधि विभाग में प्रत्येक कर्मचारी के 1600 रुपये पीएफ ऑनलाइन जमा कराने के आदेश मिले है। पिछले दिनों पीएफ जमा नहीं होने के कारण उनका बैंक खाता सीज कर दिया गया था, जिस पर स्टे लिया गया था। स्टे अवधि समाप्त होने के कारण सरकारी आदेशों पर पीएफ काटा जा रहा है।