अमर उजाला ब्यूरो
शामली। संपूर्ण समाधान दिवस में फरियादियों की भीड़ उमड़ पड़ी। डीएम अखिलेश कुमार सिंह ने उनकी शिकायत सुनाकर निस्तारण कराया। इस दौरान 52 शिकायती पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से मात्र नौ का निस्तारण किया गया।
मंगलवार को कलक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में डीएम अखिलेश कुमार सिंह ने कहा कि अधिकारी शिकायतों को गुणवत्ता परक तरीके से निपटाए, जिससे पीड़ित को न्याय मिल सकें। समस्याओं की अनदेखी ना करें। उन्होंने कहा कि संपूर्ण समाधान दिवस पर प्राप्त शिकायतों को प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण करें। उन्होंने राजस्व विभाग व पुलिस अधिकारियों को सरकारी भूमि व तालाबों पर अवैध कब्जे की शिकायतों को प्रमुखता के आधार पर लेकर त्वरित कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सरकारी भूमि पर कब्जे की शिकायतें सही पाए जाने पर शिकायतकर्ता को न्याय दिलाए जाएं। उन्होंने कहा कि रंजिशन शिकायत करने वालों को भी चिह्नित करके कार्रवाई की जाएं। आइजीआरएस की लंबित शिकायत पेंडिंग है। उन्हें तत्काल समाधान करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि लोग शिकायत सहारनपुर मंडल और लखनऊ ना पहुंचे। जनपद स्तर पर ही उनकी समस्याओं का समाधान कराया जाएं। संपूर्ण समाधान दिवस में समय पर आने के निर्देश दिए। गैरहाजिर रहने वाले अधिकारियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।
इस मौके पर शामली निवासी वेदपाल ने शिकायत की है कि उनकी प्लॉट की चारों तरफ की बाउंड्रीवाल को कुछ लोग नहीं बनाने दे रहे हैं। डीएम ने तत्काल लेखपाल को मौके पर जाकर जांच करने के निर्देश दिए। इस दौरान आई 52 में नौ शिकायतों का निस्तारण किया गया। एसपी अजय कुमार, सीडीओ विवेक त्रिपाठी, डीडीओ बलराम कुमार, परियोजना निदेशक ज्ञानेश्वर तिवारी, एसडीएम प्रशांत भारती, उप कृषि निदेशक शिव कुमार केसरी, सीओ अशोक कुमार सहित सभी जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।