शामली। डीएम ने कहा कि इस माह की शासन स्तर पर समीक्षा के दौरान शामली जनपद प्रदेश में 22वें स्थान पर रहा है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि विकास कार्य, राजस्व वसूली तथा शासन द्वारा संचालित योजनाओं के कार्यों के मासिक प्रपत्रों की फीडिंग सावधानी पूर्वक करें। मासिक नक्शे अधिकारी सावधानी पूर्वक स्वयं भरें।
शुक्रवार को कलक्ट्रेट सभागार में डीएम इंद्र विक्रम सिंह ने जिले के विकास कार्यों से संबधित मासिक प्रपत्र तथा नक्शे फीडिंग किए जाने की समीक्षा बैठक ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक माह विकास कार्यों, राजस्व वसूली तथा प्रदेश सरकार द्वारा संचालित योजनाओं के नक्शे अधिकारी स्वयं सावधानी पूर्वक भरें। मासिक कार्यों की शासन स्तर पर समीक्षा की जाती है। इस माह समीक्षा के दौरान शामली जनपद 22वें स्थान पर रहा है। बैठक में एडीएम केबी सिंह, सीएमओ डॉ. राजकुमार, एसीएमओ डॉ. सफल कुमार, उपनिदेशक कृषि शिव कुमार केसरी, लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता रविंद्र कुमार, जिला पूर्ति अधिकारी ओम हरि उपाध्याय, संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
लिसाढ़ में कब्जा मुक्त कराई 200 बीघा भूमि
शामली। एडीएम केबी सिंह ने बताया कि ग्राम लिसाढ़ में वृक्षारोपण हेतु आरक्षित भूमि से ग्रामीणों का तहसीलदार के नेतृत्व में चकबंदी, वनविभाग व राजस्व टीम ने अवैध कब्जे की 200 बीघा भूमि मुक्त कराई है। कब्जा मुक्त कराई गई भूमि पर 36 हजार पौधे लगाए जाएंगे। ग्राम लिसाढ़ में ग्रामीणों द्वारा वृक्षारोपण हेतु उपस्थित भूमि पर कब्जा कर खेती की जा रही थी। डीएम के निर्देश पर खसरा नं-1149, 1260, 1244, 1243, 308, 309, 310 से तहसीलदार अभय राज पांडे, वनरेंज अधिकारी राकेश बालियान, के नेतृत्व में चकबंदी विभाग, वन विभाग तथा राजस्व कर्मियों ने फसलों पर ट्रैक्टर चलाकर फसल की जुताई कर 200 बीघा भूमि को मुक्त कराया। वनरेंज अधिकारी राकेश बालियान ने बताया कि मुक्त भूमि पर 36 हजार पौधा का वृक्षारोपण कराया जाएगा।