झिंझाना। ऊन तहसील में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में जिलाधिकारी इंद्र विक्रम सिंह ने समस्याएं सुनी। इस दौरान 57 शिकायतें आई, जिनमें से सात का मौके पर निस्तारण किया गया। अधिकांश शिकायतें नाली खड़ंजे पर अवैध कब्जे और जल निकासी के संबंधित आईं।
जिलाधिकारी इंद्र विक्रम सिंह ने कहा कि शिकायतों का निस्तारण गंभीरता और पारदर्शी ढंग से किया जाए। शिकायत निस्तारण करने में लापरवाही नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि जमीन संबंधी विवादों के निस्तारण में गंभीरता बरती जाएं। इसके अलावा पात्रों को योजनाओं का लाभ मिलना चाहिए, उसमें किसी तरह की गड़बड़ी नहीं होनी चाहिए।
इस दौरान सात शिकायतें आवास दिलाने के लिए आई, जिनका मौके पर सत्यापन कराकर सातों को अपात्र घोषित कर निरस्त कर दिया गया। इसके अलावा गांव भोगी माजरा के किसान चतर सिंह ने प्रार्थना पत्र दिया कि उसके खेत की डोल पर खडे़ पोपुलर के पेड़ों को पड़ोसी किसान ने काट लिया है। इससे उसका 15 हजार रुपये का नुकसान हो गया। मुख्य विकास अधिकारी रेनू तिवारी ने संबंधित लेखपाल को जांच कर आख्या देने का निर्देश दिया। समाधान दिवस में एसडीएम विनोद कुमार सिंह के अलावा तहसीलदार चंद्रकाता सहित अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।