कैराना से किसी को पलायन करने की जरूरत नहीं : कलराज मिश्र
कांधला (शामली)। पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं देवरिया से भाजपा सांसद कलराज मिश्र ने कहा कि प्रदेश सरकार ने कैराना में जनता को भयमुक्त वातावरण दिया है। गुंडों के खिलाफ कार्रवाई करके कैराना के हालात सुधारे हैं, जिससे अब कैराना से लोगों को पलायन करने की जरूरत नहीं होगी।
मंगलवार को गांव डुंडूखे़ड़ा में पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं सांसद कलराज मिश्र कैराना लोकसभा सीट के उपचुनाव में भाजपा प्रत्याशी मृगांका सिंह के समर्थन में प्रचार करने पहुंचे। सभा में उन्होंने कहा कि भाजपा के शासनकाल में बदमाशों का सफाया कर दिया गया है। गरीब, मजदूर, किसान और व्यापारी राहत की सांस ले रहा है। उन्होंने कहा कि पूर्व सांसद दिवंगत हुकुम सिंह ने क्षेत्र के विकास में कोई कसर नहीं छोड़ी थी, यदि वह अपना कार्यकाल पूरा करते तो क्षेत्र को बहुत कुछ मिलता, लेकिन समय से पूर्व ही वह चले गए। अब उनके सपनों को मृगांका सिंह पूरा करेंगी। कार्यक्रम में रामजीलाल कश्यप, ग्राम प्रधान के पति राजपाल सिंह, पंडित सुनील सहित कई लोगों ने विचार रखे। इस दौरान भूपेंद्र शर्मा, नरेंद्र चौहान, महिपाल, जयपाल, संगत सिंह, राजकुमार, कृष्णपाल आदि प्रमुख रूप से मौजूद रहे।
सपा सरकार के मंत्री की वजह से हुआ था मुजफ्फरनगर दंगा : मिश्र
बाबरी। पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं सांसद कलराज मिश्र ने मंगलवार को गांव करौंदा हाथी में भाजपा नेता हरबीर मलिक के आवास पर सभा को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि 2013 के मुजफ्फरनगर दंगे के लिए निवर्तमान सपा सरकार जिम्मेदार थी। एक प्रभावशाली मंत्री के दबाव में मुजफ्फरनगर के तत्कालीन डीएम और एसएसपी का तबादला किया गया था। तुष्टिकरण और जाति विशेष के लोगों को लाभ पहुंचाने के लिए तत्कालीन सरकार के इस कदम की वजह से ही मुजफ्फरनगर में सांप्रदायिक दंगा हुआ। उन्होंने कहा कि पूर्व सांसद दिवंगत हुकुम सिंह को ईमानदार और विकास पुरुष करार दिया। कैराना पलायन के मुद्दे पर कहा कि बाबू हुकुम सिंह ने यह मुद्दा उठाया था, क्योंकि कैराना में गुंडागर्दी के कारण भय का माहौल था। अब भाजपा सरकार ने गुंडागर्दी करने वालों के खिलाफ कार्रवाई अभियान चलाया, जिससे बदमाशों में खौफ पैदा हुआ है और आम जन खुद को सुरक्षित महसूस कर रहा है। इस दौरान भाजपा नेता सुनील भराला, जिलाध्यक्ष पवन तरार, पूर्व प्रधान धर्मवीर सिंह, प्रधान सरबीर मलिक और बिजेंद्र सिंह सहित अन्य लोग भी मौजूद रहे।