59 हजार किसानों को मिला नए साल का तोहफा
शामली। सरकार ने जिले के 59 हजार किसानों की प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि की पहली किस्त जारी कर दी है। इसकी धनराशि किसानों के खातों में पहुंच गई है। बाकी किसानों को भी जल्द ही नए साल का तोहफा मिल जाएगा।
सरकार ने दिसंबर 2018 में प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की घोषणा की थी। पहले इस योजना में लघु और सीमांत किसान शामिल किए गए थे। हालांकि बाद में इसका दायरा बढ़ाकर सभी को इसमें शामिल कर लिया गया था। लोकसभा चुनाव के चलते सरकार ने मार्च में 1.04 लाख किसानों को इस योजना की पहली किस्त जारी की थी। इसके बाद बाकी किस्तें लोकसभा चुनाव के बाद जारी होती रही। दिसंबर तक किसानों को तीनों किस्तों का भुगतान हो गया था। अब सरकार ने नए साल के लिए इस योजना की पहली किस्त जारी कर दी है। कृषि उपनिदेशक शिवकुमार केसरी के अनुसार 59 हजार किसानों को निधि की दो -दो हजार की धनराशि जारी की है। ये सीधे किसानों के खातों में पहुंच गई है। बाकी किसानों की इस साल की पहली किस्त की धनराशि भी जल्द जारी होने की उम्मीद है। सरकार द्वारा साल के पहले महीने में ही किस्त जारी करने से यह साफ है कि इस साल तीनों किस्त समय पर मिल जाएगी।
प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि में बीते साल का हाल
किस्त पाने वाले किसान
पहली 1,04,705
दूसरी 99,000
तीसरी 91,000
सरकार ने जारी किया नया हेल्पलाइन नंबर
यदि किसानों को इस योजना के संबंध में कोई समस्या या शिकायत है तो वह अपनी बात सीधे हेल्प लाइन नंबर पर बता सकते हैं। इस संबंध में हेल्प लाइन नंबर जारी किया गया है। इस नंबर पर आपकी बात सुनी जाएगी। कोई भी किसान इस नंबर पर संपर्क कर सकता है।
हेल्पलाइन नंबर - 155261/1800115526
कोट
जिले में 1.23 लाख किसान कृषि विभाग में अब तक पंजीकृत हो चुके हैं। ये सभी प्रधानमंत्री सम्मान निधि पाने के लिए पात्र हैं। 59 हजार किसानों की निधि की दो-दो हजार की धनराशि उनके खातों में आ गई है। इनमें कुछ किसानों की पिछले साल की किस्त भी है। अन्य किसानों की भी किस्त जल्दी आने की उम्मीद है।
शिव कुमार केसरी, कृषि उपनिदेशक