आधार कार्ड के लिए डाकघरों में उमड़ी भीड़
शामली/कैराना। डाकघरों में लगे दो दिवसीय आधार कार्ड कैंप के दौरान अंतिम दिन आवेदकों की भारी भीड़ रही। इस दौरान कैराना में हंगामा हो गया। पुलिस को बुलवाकर व्यवस्था बनाई गई। इसके बाद 10 आवेदकों को फार्म वितरित कराए गए और बाकी आवेदकों लौटा दिया गया।
कैराना उप डाकघर में नए आधार कार्ड बनाने और पुराने आधार कार्ड की त्रुटियां दूर करने के सोमवार, मंगलवार को दो दिवसीय कैंप लगाया गया था। सोमवार को उप डाकघर में आधार कार्ड के आवेदन के लिए 40 फार्म वितरित किए गए थे, लेकिन शाम को उप डाकघर बंद होने के समय तक केवल 15 आवेदकों के ही फार्म ऑनलाइन जमा हो सके थे। जिस कारण बाकी 25 आवेदकों को लौटना पड़ा था। मंगलवार को कैंप के अंतिम दिन सुबह से ही उप डाकघर के बाहर भीड़ जमा हो गई थी। इस दौरान हंगामा होने पर पोस्ट मास्टर ने पुलिस को बुला कर केवल 10 फार्म ही वितरित कराए। उप डाकघर के पोस्ट मास्टर सुनील कुमार ने बताया कि उप डाकघर में उनके अलावा केवल दो अन्य लोगों का ही स्टाफ है। सरकार के निर्देश पर एक स्टाफ को आधार कार्ड के लिए लगाया गया था। सोमवार को पूरे दिन में केवल 15 आधार कार्ड ही बन सके। मंगलवार को भीड़ बढ़ने पर पुलिस को बुला कर 10 फार्म वितरित कराए गए। मंगलवार को भी 16 लोगों के ही आधार कार्ड बनाए जा सके। वहीं, शामली डाकघर में भी काफी भीड़ रही। जिस कारण डाकघर में काफी अव्यवस्था रही, लेकिन संसाधन सीमित होने की वजह से सभी के आधार कार्ड अपडेट नहीं हो सके।