शामली। पश्चिमांचल विद्युत वितरण निगम व विद्युत वितरण मंडल के अधीक्षण अभियंता सुनील कपूर ने पत्रकारों को बताया कि जिले में 55 हजार बिजली उपभोक्ताओं के घर कनेक्शन नहीं है। बिजली से वंचित लोगों के लिए केंद्र सरकार ने नई पहल प्रारंभ की है।
ग्रामीण क्षेत्रों में केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी योजना सहज हर घर में बिजली दिए जाने के उद्देश्य से सौभाग्य योजना में 16 दिसंबर को पश्चिमांचल में 51 हजार निशुल्क विद्युत कनेक्शन दिए जाएंगे। जिले के 72 गांवों में नए कनेक्शन दिए जाने के लिए बिजलीघर पर शिविर लगाए जाएंगे।
रविवार को करमूखेड़ी बिजलीघर स्थित पश्चिमांचल विद्युत वितरण निगम व विद्युत वितरण मंडल के अधीक्षण अभियंता सुनील कपूर ने पत्रकारों को बताया कि जिले में 55 हजार बिजली के ऐसे उपभोक्ता हैं, जिनके घर कनेक्शन नही है। केंद्र सरकार की
सौभाग्य योजना में ग्रामीण क्षेत्रों में नए विद्युत कनेक्शन दिए जाने के लिए प्रत्येक ग्रामीण बिजलीघरों पर 16 दिसंबर को शिविर लगाए जाएंगे।
विद्युत कनेक्शन के नाम पर 500 रुपये की धनराशि, दस माह में 50 रुपये प्रतिमाह के हिसाब से उपभोक्ता से बिजली बिल के रुपये में वसूली की जाएगी। नए बिजली कनेक्शन के साथ केबल, एनर्जी मीटर, व नौ वाट की एलईडी निशुल्क दी जाएगी।
पश्चिमांचल विद्युत वितरण निगम के सभी 14 जिलों मे 51 हजार बिजली कनेक्शन 16 दिसंबर को दिए जाएंगे, जिसमें शामली जिले में 2700 बिजली कनेक्शन शामिल हैं।
नए बिजली कनेक्शन लिए जाने के लिए उपभोक्ताओं पर पुराना बिजली बिल बकाया नहीं होना चाहिए। पुराना बिजली बिल बकाया वाले उपभोक्ताओं को नया कनेक्शन नहीं दिया जाएगा। बिजली कनेक्शन लेने के लिए उपभोक्ताओं को अपना एक फोटो व आधार कार्ड देना होगा। इस मौके पर बिजली वितरण द्वितीय खंड के अधिशासी अभियंता शैलेंद्र गौतम, अधिशासी अभियंता परीक्षण नेकीराम, तृतीय खंड के अधिशासी अभियंता सुरेशचंद चतुर्थ खंड के अधिशासी अभियंता सुुधीर भारती मौजूद रहे।
जिले मे चौथे वितरण खंड का हुआ शुभारंभ
शामली। ढाई करोड़ रुपये की लागत से करमूखेड़ी बिजलीघर पर नया बिजलीघर तैयार है। जल्द ही इस बिजली घर का लोकार्पण किया जाएगा। इस बिजली घर को शामली शहर को बिजली आपूर्ति की जाएगी। विद्युत वितरण खंड के अधीक्षण अभियंता सुनील कपूूर ने बताया कि शामली जिले में अभी तक प्रथम, द्वितीय व तृतीय खंडों का संचालन हो रहा था। चौथे बिजली वितरण खंड का लोकार्पण शुक्रवार को कर दिया गया है। तीन खंडों के गांवों को नए खंड में शामिल किया जाएगा। शामली शहर में बिजली बेहतर बनाए जाने के लिए करमूखेड़ी बिजली घर से जोड़ा जाएगा। ब्यूरो
जिले में 200 करोड़ रुपया बिजली बिलों का बकाया
शामली। जिले के शहरी और ग्रामीण क्षेत्र में बिजली बिल के 200 करोड़ रुपये बकाया है। मगर, इसके सापेक्ष एक माह में मात्र 16 करोड़ रुपये बिजली बिल के बकाये की वसूली हो रही है। इसके अलावा विद्युत निगम के आंकड़ों के अनुसार शहरी क्षेत्रों में लाइन लॉस कम हैं। कैराना क्षेत्र में सबसे ज्यादा लाइन लास 70 प्रतिशत आंका गया हैं।
जिले में शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में दो लाख 11 हजार बिजली उपभोक्ता है। इनमें एक लाख 49 हजार ग्रामीण और 62 हजार शहरी उपभोक्ता है। जिले के ग्रामीण और शहरी उपभोक्ताओं पर 200 करोड़ बकाया है। मगर, इसके सापेक्ष प्रति माह 16 करोड़ रुपये की बिजली बिल के रुप में वसूली होती है। विद्युत निगम के आंकड़ों के अनुसार शहरी क्षेत्रों के बिजलीघरों पर लाइन लॉस कम है। शामली शहर में 20 प्रतिशत, थानाभवन में 30 प्रतिशत, कांधला में 40 प्रतिशत और कैराना में 50 प्रतिशत लाइन लॉस है।
अफसरों के मुताबिक शहरी क्षेत्रों में लाइन लॉस का औसत 60 प्रतिशत और ग्रामीण क्षेत्रों में 78 से लेकर 80 प्रतिशत तक हैं। दावा है कि गत वर्ष कैराना का लाइन लॉस 70 प्रतिशत था, जो इस साल घटकर 50 प्रतिशत रह गया है। लाइन लॉस कम करने के लिए जगह- जगह छापेमारी अभियान चलाकर बकाया वसूलने के लिए उपभोक्ताओं के विरुद्ध एफआई आर दर्ज कराई गई थी।
जिसका लाभ निगम को नहीं मिल पाया हैं। अधीक्षण अभियंता सुनील कपूर का कहना है कि साल के शुरूआत में बिजली बिल की बहुत कम वसूली होती है। दिसंबर माह से लेकर 31 मार्च के बाद वसूली में बढ़ोत्तरी होती है। पूरे साल में 250 करोड़ रुपये की वसूली हो पाती है। बिजली चोरी रोकने के लिए उपभोक्ताओं को नए बिजली कनेक्शन दिए जाने से लाइन लॉस में कमी आएगी।
नई दरों से जिले में बढ़ जाएगी नौ करोड़ आय
अधीक्षण अभियंता सुनील कपूूर ने बताया कि नई बिजली दरें लागू होने से जिले नौ करोड़ रुपये की अधिक आय होगी। शहरी और ग्रामीण दो लाख 11 हजार उपभोक्ताओं से पुरानी बिजली दरों से प्रतिमाह 16 करोड़ रुपये की आय होती है। नई दरें लागू होने से 25 करोड़ रुपये की आय होगी। ब्यूरो