शामली। यूपी बोर्ड परीक्षा में मंगलवार को हाईस्कूल की गणित और इंटर की गृह विज्ञान और कृषि अर्थशास्त्र की परीक्षा आयोजित हुई। जनपद के 33 परीक्षा केंद्रों पर दोनों पालियों में 11673 परीक्षार्थी पंजीकृत रहे। 536 ने परीक्षा छोड़ी और 11137 ने परीक्षा दी। सचल दलों के चेकिंग अभियान में कोई भी नकलची नहीं पकड़ा गया।
मंगलवार को पहली पाली में हाईस्कूल का गणित और प्रारंभिक गणित की परीक्षा हुई। 8158 पंजीकृत रहे, 7732 ने परीक्षा दी और 426 ने परीक्षा छोड़ दी। प्रारंभिक गणित में 1080 पंजीकृत रहे, 1019 ने परीक्षा दी और 61 परीक्षा से गैर हाजिर रहे। इंटर गृह विज्ञान में 1554 छात्राएं पंजीकृत रही, 1532 ने परीक्षा दी और 22 ने परीक्षा छोड़ी।
कृषि वर्ग में कक्षा वनस्पति विज्ञान की परीक्षा हुई। 525 पंजीकृत रहे, 504 ने परीक्षा दी और 21 ने परीक्षा छोड़ी। द्वितीय पाली में कृषि वर्ग में इंटर की कृषि अर्थशास्त्र की परीक्षा हुई। परीक्षा में 355 परीक्षार्थी पंजीकृत रहे। 350 ने परीक्षा दी और पांच ने परीक्षा छोड़ दी। इंटर औद्योगिक संगठन में एक छात्र पंजीकृत रहा, जिसने परीक्षा दी। कार्यवाहक डीआईओएस चंद्रशेखर ने बताया कि जनपद में बने चार सचल दलों ने विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर चेकिंग की। किसी भी केंद्र पर न तो कोई अनियमितता मिली और न ही कोई नकलची पकड़ा गया। सभी जगह शांतिपूर्वक परीक्षा आयोजित हुई।
नकलची परीक्षार्थी की कोई भी कॉपी संकलन केंद्र पर नहीं होगी जमा
शामली। बोर्ड परीक्षा में नकल करते पकड़े जाने पर परीक्षार्थी की कोई भी उत्तर पुस्तिका संकलन केंद्र पर जमा नहीं होगी। केंद्र व्यवस्थापकों को क्षेत्रीय कार्यालय मेरठ में अलग से सभी साक्ष्यों सहित पहली और दूसरी कॉपी सहित जमा करानी होगी। क्षेत्रीय सचिव मेरठ कार्यालय ने डीआईओएस कार्यालय में पत्र भेजकर निर्देश दिए कि किसी भी केंद्र पर कोई भी नकलची सचल दल द्वारा पकड़ा जाता है तो उसकी दोनों कॉपी क्षेत्रीय कार्यालय में ही जमा करनी होगी।
जबकि पूर्व में केंद्र व्यवस्थापक नकलची परीक्षार्थी की पहली कॉपी मेरठ भेज देता था और दूसरी दी गई अ कॉपी को संकलन केंद्र पर सभी कॉपी के साथ जमा करा देते है। जिससे के वह कॉपी भी मूल्यांकन केंद्रों को चली जाती थी। ऐसे परीक्षार्थी के निस्तारण में विषम परिस्थिति उत्पन्न हो जाती थी। इसके बाद डीआईओएस ने सभी केंद्र व्यवस्थापकों को निर्देश दिए कि सभी अपने अपने केंद्र पर सलच दल द्वारा पकड़े गए नकलची परीक्षार्थियों की अ कॉपी संकलन केंद्र पर न जमा कराए। सभी परीक्षार्थी की पहली और दी गई अ कॉपी को एफआईआर, पकड़ी गई नकल सामग्री, केंद्र का नाम, अनुक्रमांक, विषय, प्रश्नपत्र आदि सभी सूचना सहित मेरठ क्षेत्रीय कार्यालय में ही जमा कराएंगे। लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जाएगी।