सेवानिवृत्त शिक्षकों और कर्मचारियों ने सातवें वेतन आयोग लागू होने के बाद भी उसके अनुसार पेंशन ना मिलने पर रोष जताया। शिक्षकों ने मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन डीएम को सौंपते हुए सातवें वेतनमान के अनुसार ही पेंशन दिलाने की मांग की।
मंगलवार को जनपद के सेवानिवृत्त शिक्षकों और कर्मचारियों ने डीएम इंद्र विक्रम सिंह को ज्ञापन सौंपते हुए समस्या का हल कराने की मांग की। बताया कि उत्तर प्रदेश में सभी विभागों में कर्मचारियों को सातवें वेतन आयोग के अनुसार वेतन दिया जा रहा है। सभी विभागों के सेवानिवृत्त कर्मचारियों को उसी के अनुरूप पेंशन दी जा रही है। शिक्षा विभाग में प्राथमिक शिक्षकों, कर्मचारियों एवं माध्यमिक शिक्षक कर्मचारियों को सातवें वेतन आयोग के अनुरूप पेंशन निर्धारण किया जा रहा है। मगर, उत्तर प्रदेश सीनियर बेसिक शिक्षक संघ के बार बार आग्रह के बाद भी अशासकीय सहायता प्राप्त जूनियर हाईस्कूलों के शिक्षकों और कर्मचारियों के लिए पेंशन की राजाज्ञा निर्गत न होने के कारण 31 मार्च 2017 और उसके बाद के सेवानिवृत्त होने वाले शिक्षकों कर्मचारियों को पेंशन का भुगतान नहीं हो रहा है। उन्होंने मुख्यमंत्री से जल्द से जल्द समस्या का समाधान कर राजाज्ञा जारी करने की मांग की। इस दौरान कंवरपाल, चरण सिंह, शिवकुमार, सत्यपाल, उषा, सुशीला, सुधा, बीना, सत्यपाल, शिवकुमार, नेपाल सिंह आदि मौजूद रहे।