शामली। शहर कोतवाली पुलिस ने हरियाणा से तस्करी कर गाड़ी में लाई जा रही अंग्रेजी शराब की 50 पेेटी बरामद की है। पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।
पंचायत चुनाव के मद्देनजर जिले में अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत शनिवार रात को शहर कोतवाली पुलिस चेकिंग कर रही थी। उसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि हरियाणा के पानीपत की तरफ से गाड़ी में अवैध शराब लाई जा रही है। पुलिस ने कैराना रोड पर चेकिंग के दौरान हरियाणा की तरफ से आई गाड़ी को रोककर तलाशी ली। उसमें 50 पेटी अंग्रेजी शराब हरियाणा मार्का बरामद हुई। पुलिस ने गाड़ी को कब्जे में लेते हुए आरोपी प्रमोद निवासी संतनगर बिनौली जनपद बागपत को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि बरामद शराब को पानीपत से खरीदकर लाया गया है, जिसे जनपद शामली में बेचा जाना था। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर चालान कर दिया। उधर, आदर्श मंडी थाना पुलिस ने रविवार को चेकिंग के दौरान किरोड़ी अंडरपास के निकट रोहित निवासी मोहल्ला आजाद नगर बनत को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कर चालान कर दिया।