नगर पालिका में 48.37 करोड़ की आय का बजट पास
शामली, कैराना। नगर पालिका बोर्ड की बैठक में वित्तीय वर्ष 2021-22 के लिए 48.37 करोड़ की आय का बजट पास किया गया। बैठक में जलमूल्य में बढ़ोतरी कर 600 रुपये वार्षिक किया गया है।
पालिका चेयरमैन हाजी अनवर हसन की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में वार्ड सभासदों को कोरोना योद्धा का प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। बैठक में अप्रैल 2020 से जनवरी 2021 तक 13 करोड़ 47 लाख 31 हजार 133 रुपये की आय तथा 19 करोड़ 33 लाख 47 हजार 477 रुपये के व्यय का अनुमोदन किया गया। वित्तीय वर्ष 2021-22 के लिए 48.37 करोड़ की आय तथा 47.69 करोड़ रुपये के अनुमानित व्यय का बजट पास किया गया। नगर में जलवाए गए अलाव तथा उस पर हुए खर्च का सर्वसम्मति से अनुमोदन किया गया। विज्ञापन शुल्क वसूली का ठेका देने का प्रस्ताव भी पारित किया गया।
बैठक में जल मूल्य दर 600 रुपये वार्षिक करने का प्रस्ताव पारित किया गया। पिछली बोर्ड की बैठक में जल मूल्य 600 से घटाकर 300 रुपये करने का प्रस्ताव पास हुआ था लेकिन इसे फिर से शासनादेश के अनुसार 600 रुपये किया गया है। इसके अलावा पानीपत-खटीमा मार्ग पर आरसीसी नाला निर्माण कार्य पर बढ़ी हुई धनराशि दो लाख 89 हजार 966 रुपये के भुगतान का भी प्रस्ताव पास हुआ। पानीपत खटीमा मार्ग पर अस्पताल की जगह में दुकानें बनाने, नगर में एलईडी लाइटें लगवाने के प्रस्ताव को भी मंजूरी दी गई।
बैठक में कार्यालय अधीक्षक राकेश कुमार, लिपिक तासीम अली, सभासद सूरजपाल, मुर्सलीन, इलियास, इंतजार, सुधीर, वहीदन, नसीमा, शबनम, सालिहा उर्फ सालेहा, सालिम, चांद सिद्दीकी, शगुन मित्तल, मोहम्मद आसिम, मोहम्मद सलमान, शाहिद, नौशाद, मोहसीना, राधेश्याम, रोहताश आदि मौजूद रहे। संचालन एसडीएम एवं अधिशासी अधिकारी उद्भव त्रिपाठी ने किया।