चीनी मिलों को गन्ना भुगतान में तेजी लाने के निर्देश
शामली। उत्तर प्रदेश के संयुक्त गन्ना आयुक्त डाक्टर वीवी सिंह ने जिले की शामली, ऊन, थानाभवन गन्ना सहकारी समिति कार्यालयों का निरीक्षण किया। शामली गन्ना सहकारी समिति में आधा दर्जन कर्मचारी नदारद मिले। नदारद कर्मचारी को जबाव -तलब करते हुए वेतन काटने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने चीनी मिलों को गन्ना मूल्य का भुगतान करने में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं।
शनिवार को लखनऊ से आए प्रदेश के संयुक्त गन्ना आयुक्त डाक्टर वीवी सिंह ने पहले शामली गन्ना सहकारी समिति कार्यालय का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान आठ से ज्यादा गन्ना सहकारी समिति के कर्मचारी नदारद रहे। उन्होंने नदारद रहने वाले कर्मचारियों का जवाब तलब करते हुए एक दिन का वेतन काटने के निर्देश दिए। संयुक्त गन्ना आयुक्त ने गन्ना पर्चियों के वितरण के संबंध में किसानों से वार्ता की। इस मौके पर जिला गन्ना अधिकारी डाक्टर अनिल भारती, किसान देशराज भनेडा, धीर सिंह एडवोकेट, शामली गन्ना सहकारी समिति के सचिव मुकेश राठी, ज्येष्ठ गन्ना निरीक्षक उपेंद्र कुमार मौजूद रहे। इसके बाद में ऊन चीनी मिल का निरीक्षण किया। अपने सामने किसानों का गन्ना तुलवाकर देखा। निरीक्षण के दौरान गन्ना घटतौली नही मिली। ऊन गन्ना सहकारी समिति व थानाभवन गन्ना सहकारी समिति का निरीक्षण किया। वहां पर स्थिति सामान्य पाई गई। थानाभवन गन्ना सहकारी समिति के पूर्व चैयरमेन राजकुमार सिंह से किसानों की समस्याओं के संबंध में विचार विमर्श नही किया गया।