नागरिक सेवा समिति ने किया पुलिस को सम्मानित
शामली। शहर के कमला कालोनी निवासी उद्यमी से रंगदारी मांगने वाले आरोपियों को गिरफ्तार करने पर नागरिक सेवा समिति की तरफ से पुलिस अधिकारियों को सम्मानित किया गया। पुलिस को बतौर पुरस्कार 50 हजार रुपये की नकद धनराशि और प्रशस्ति चिह्न दिया गया।
शनिवार को शामली में कैराना रोड स्थित एक रेस्टोरेंट पर हुए सम्मान समारोह के दौरान पुलिस अधीक्षक दिनेश कुमार ने कहा कि आज के समय में रुपयों की कीमत बढ़ गई है, जबकि इंसान की कीमत कम हुई है। उन्होंने कहा कि घटना होने पर खुलासा करना ही पुलिस का मकसद होता है। आम लोगों की तरफ से जो सहयोग मिलता है, वह भी बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि नागरिक सेवा समिति ने पुलिस टीम को सम्मानित करके उत्साहवर्धन किया है। इस दौरान समिति के अध्यक्ष डाक्टर अनुराग शर्मा और संरक्षक डाक्टर विपिन कौशिक ने कहा कि पुलिस और समाज एक दूसरे के पूरक हैं। पुलिसकर्मियों ने जनपद की गंदगी को खत्म कर व्यापारियों तथा आम नागरिकों को सुरक्षा प्रदान करने का काम किया है। नागरिक सेवा समिति पुलिस का सहयोग करती रहेगी। इस दौरान सीओ सिटी अशोक कुमार सिंह, कोतवाली प्रभारी जितेन्द्र सिंह कालरा, एसआई लविक त्यागी, एसआई जोगेन्द्र सिंह, एसआई सुनील सिंह, दुर्गेश डबास, विनीत मलिक, विकास कुमार, जगदीश पुनिया, अंकुश, राहुल कुमार, अजय कुमार, सुनील आरोरा, देवाशीष वर्मा, पंकज कश्यप, संदीप नामदेव आदि मौजूद रहे।