हादसे में बाइक सवार चाचा की मौत, भतीजा घायल
कैराना (ब्यूरो)। करनाल जा रहे चाचा-भतीजे की बाइक में ट्रक ने टक्कर मार दी। हादसे में चाचा-भतीजे घायल हो गए। सूचना पहुंची पुलिस ने घायलों को झिंझाना सीएचसी भिजवाया, लेकिन रास्ते में चाचा की मौत हो गई, जबकि भतीजे को गंभीर हालत के चलते शामली के लिए रेफर कर दिया।
गांव पंजीठ निवासी सलीम (32) व उसका भतीजा परवेज (26) करनाल में फर्नीचर बनाने का काम करते हैं। कई दिन से दोनों अपने गांव आए हुए थे। शनिवार सुबह सात बजे दोनों चाचा और भतीजे बाइक से करनाल जा रहे थे। दोनों कैराना से आगे झिंझाना रोड पर गांव पावटी कला के पास पहुंचे, तो सामने से आ रहे एक ट्रक ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। ट्रक की टक्कर से बाइक सवार चाचा- भतीजे घायल हो गए। हादसे की सूचना पर झिंझाना व कैराना थाने की पुलिस मौके पर पहुंच गई। दोनों घायलों को झिंझाना सरकारी अस्पताल पहुंचाया, जहां डाक्टरों ने सलीम को मृत घोषित कर दिया, जबकि परवेज को जिला अस्पताल रेफर कर दिया। हादसे के बाद चालक ट्रक को मौके पर ही छोड़ कर फरार हो गया, जिसे कैराना पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया। हादसे के बाद मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई तथा लोगों ने जाम लगा दिया। बाद में पुलिस ने लोगों को समझाकर जाम खुलवाया। सलीम की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया। वहीं, कैराना कोतवाली पर मृतक सलीम के चाचा गय्यूर निवासी पंजीठ ने ट्रक चालक के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कराया। पुलिस ने सलीम के शव को पीएम के लिए भेज दिया, जबकि शामली के प्राइवेट नर्सिंगहोम में उपचार करा रहे परवेज की हालत में सुधार बताया जा रहा है।