कांधला (शामली)। नगर पालिका परिषद की पहली बोर्ड बैठक में कई प्रस्तावों को सर्वसम्मति से पारित किया गया। इसके साथ ही सभासदों ने अपने वार्ड की समस्याओं को रखकर उनके निस्तारण की मांग की।
बुधवार को नगर पालिका परिषद में नवनिर्वाचित बोर्ड की प्रथम बैठक का आयोजन पालिकाध्यक्ष हाजी वाजिद हसन की अध्यक्षता में किया गया। अधिशासी अधिकारी शैलेंद्र मिश्रा ने पालिकाध्यक्ष और सभासदगण को शुभकामनाएं देकर बोर्ड की कार्यवाही का शुभारंभ किया। इस दौरान वार्ड 19 के सभासद जावेद ने कहा कि बंद लाइटें और सफाई पर विशेष ध्यान दिया जाए। वार्ड 22 से इलियास जंग ने बाईपास मार्ग पर पानी निकासी के लिए नाला निर्माण और टूटी सड़क की मरम्मत कराने का प्रस्ताव रखा। सभासद मनोज कुमार शर्मा ने राशन कार्ड की समस्या, सभासद मुंशाद जंग ने शौचालय निर्माण को पारदर्शिता के साथ कराने की मांग की। बारातघर का निर्माण तथा सभासद अरुण गर्ग ने प्रतिमाह बोर्ड की बैठक बुलाए जाने को कहा। अन्य सभासदों ने प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत बनने वाले मकान प्रत्येक वार्ड में और मुख्य चौराहों पर गंदगी डालने के लिए दो डस्टबीन, जाम से मुक्ति के लिए छोटी नहर पुल का चौड़ीकरण निर्माण सहित कई प्रमुख प्रस्ताव पारित किए गए। पालिकाध्यक्ष हाजी वाजिद ने कहा कि बोर्ड के सहयोग से प्रदेश सरकार और नगर विकास मंत्रालय से मांग कर विकास कार्य कराए जाएंगे। इस दौरान मुख्य लिपिक अकरम अंसारी, अशोक कुमार, सभासद अरविंद, राजेंद्र वर्मा, मनीष गोयल, मनोज शर्मा, तैय्यब, मोहिद राज, हिना जंग, पूजा रानी, इकरामन आदि मौजूद रहे।