कांवड़ यात्रा सकुशल संपन्न कराना प्राथमिकता : डीएम
शामली। श्रावण मास कांवड़ यात्रा सकुशल संपन्न कराने के लिए जिलाधिकारी इन्द्र विक्रम सिंह सभी विभागों के अधिकारियों को अपनी जिम्मेदारी ठीक से निभाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रा मार्ग पर पथ प्रकाश, पेयजल आदि की व्यवस्था समय से दुरुस्त कर ली जाएं।
10 जुलाई से श्रावण मास शुरू होगा, जबकि 21 जुलाई को शिवरात्रि का त्योहार है। हरिद्वार से गंगाजल लेकर कांवड़िये लौटने शुरू हो गए हैं। बृहस्पतिवार को कलक्ट्रेट सभाकक्ष में कांवड़ यात्रा को लेकर तैयारियों के सिलसिले में अहम बैठक हुई। डीएम ने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान किसी तरह की परेशानी नहीं होनी चाहिए। कांवड़ यात्रा मार्ग पर एक भाग हल्के वाहनों और एक भाग कांवड़ियों के आगमन के लिए सुरक्षित रहेगा।
जिले में कांवड़ यात्रा मार्ग पर पांच विभागों द्वारा व्यवस्था बनाई जाएगी। मुजफ्फरनगर मार्ग पर लालूखेड़ी से बनत कृृष्णा नदी के पुल तक जिला पंचायत, कृृष्णा नदी के पुल से एसटी तिराहा तक नगर पंचायत बनत, एसटी तिराहे से पुलिस अधीक्षक आवास पूर्वी यमुना नहर पुल तक नगर पालिका परिषद शामली, पुलिस अधीक्षक कार्यालय से कैराना में बाईपास तक इंडियन इंडस्ट्री एसोसिएशन और कैराना बाईपास से पानीपत रोड यमुना पुल तक नगर पालिका परिषद कैराना व्यवस्था संभालेगी।
शामली कोतवाली पुलिस को निर्देश दिया कि कांवड़ मार्ग पर सड़क किनारे लगने वाली मीट, मछली की ठेलियों को हटवा दिया जाए। कांवड़ यात्रा के दौरान ऐसी ठेली दिखाई नहीं देनी चाहिए। इस दौरान अपर जिलाधिकारी शिव बहादुर सिंह, एसडीएम सुरजीत सिंह, सीएमओ विनीता अग्निहोत्री सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
कांवड सेवा शिविरों की नियमावली
जिलाधिकारी ने कहा कि कांवड़ मार्ग पर लगने वाले कांवड़ सेवा शिविरों में अस्थायी विद्युत कनेक्शन लिया जाएगा। शिविरों में काम करने वाले कर्मचारियों के नाम और मोबाइल नंबर की सूची बनवाई जाएगी तथा उनके चरित्र आदि की जांच करवाई जानी जरूरी होगी। शिविर सिर्फ कांवड़ यात्रा मार्ग पर कांवड़ियों के आगमन की तरफ ही लगने दिए जाएंगे, दूसरी साइड में शिविर नहीं लगेंगे।
विभागों की जिम्मेदारी
कांवड़ यात्रा मार्ग पर सड़क किनारे झाड़ियों, वृक्षों की लटकी सूखी टहनियां की छंटाई कराने की जिम्मेदारी लोक निर्माण विभाग की होगी। साथ ही कांवड़ मार्ग पर ब्रेकर बनाए जाएंगे, ताकि किसी भी सूरत में दुर्घटना न होने पाए। वहीं, आबकारी विभाग कांवड़ मार्ग पर पड़ने वाली शराब की दुकानों को शाम पांच से छह बजे के बीच बंद कराने की जिम्मेदारी होगी। कांवड़ मार्ग पर ढाबों, पान की दुकानों, चाय आदि की दुकानों का लगातार निरीक्षण कराया जाएगा। कांवड़ यात्रा मार्ग पर पशु पैंठ अनिवार्य रूप से बंद रहेंगी।
नदी पुल पर होगी गोताखोरों की व्यवस्था
कांवड़ मार्ग पर पूर्वी यमुना नहर और कैराना में यमुना पुल पर जाल और गोताखोरों की व्यवस्था की जाएगी। साथ में गोताखोरों के नाम और मोबाइल नंबर उपलब्ध कराए जाएं। पुलिस विभाग को गोताखोर और मोटरबोट 24 घंटे अनिवार्य रूप से यमुना पुल पर मौजूद रहेगी। मोटरबोट के साथ पीएसी के गोताखोरों की व्यवस्था करें।
स्वास्थ्य विभाग की जिम्मेदारी
सीएमओ को निर्देश दिया कि सभी एंबुलेंस पर चिकित्सा व्यवस्था का फ्लेक्सी बोर्ड लगा होना चाहिए। उस पर मेडिकल टीम एवं चालक के मोबाइल नंबर अंकित हों। एंबुलेंस में डॉक्टरों व आवश्यक पेरामेडिकल स्टाफ रहे। विशेषकर सांप काटने की दवाई सभी स्वास्थ्य केन्द्रों पर 24 घंटे उपलब्ध होनी चाहिए। जिला पूर्ति अधिकारी को कहा कि आवश्यक वस्तुुओं की नियमित रूप से आपूर्ति बनाए रखें।