झिंझाना। विधानसभा चुनाव के दौरान वोटरों में बांटने के लिए मंगाई गई 370 पेटी देशी शराब झिंझाना थाना पुलिस ने चेकिंग के दौरान पकड़ ली। उक्त शराब को हरियाणा से मेरठ ले जाया जा रहा था। पुलिस ने शराब बरामद कर दो आरोपियों को भी गिरफ्तार किया है।
पुलिस के मुताबिक शुक्रवार रात मेरठ-करनाल हाईवे स्थित बिड़ौली चेकपोस्ट पर पुलिसकर्मी चेकिंग कर रहे थे। देर रात करनाल की तरफ से आए ट्रक को चेकिंग के लिए रोका गया। ट्रक में 370 पेटी देशी शराब हरियाणा मार्का लदी हुई थी। ट्रक सवार हरविंद्र और जगदीश निवासी गांव जागती जिला सोनीपत हरियाणा को गिरफ्तार कर लिया गया।
आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि उक्त शराब मेरठ के किसी नेता ने मंगाई थी, जिसे करनाल से मेरठ पहुंचाया जाना था। ट्रक और शराब को सीज कर दोनों के खिलाफ शराब तस्करी अधिनियम के तहत रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। एसएसआई सतपाल सिंह ने बताया कि पकडे़ गए दोनों आरोपियों को शनिवार दोपहर कोर्ट में पेश करके जेल भेज दिया गया है।