पौधे लेकर कोतवाली पहुंचे हिस्ट्रीशीटर
- फोटो : अमर उजाला
शामली में कैराना के कोतवाली क्षेत्र में हिस्ट्रीशीटरों को सख्त हिदायत दी गई। अपने साथ एक-एक पौधा लेकर पहुंचे करीब 36 हिस्ट्रीशीटरों ने अपराध से तौबा करने की बात कही। कोतवाल ने सभी को नियमित उनके संपर्क में रहने और आपराधिक गतिविधियों से दूर रहने की नसीहत दी।
अपराध एवं पलायन को लेकर चर्चाओं में रहे कैराना क्षेत्र के अपराधियों पर अब शिकंजा कसा जा रहा है। रविवार को कैराना कोतवाली क्षेत्र के करीब 36 हिस्ट्रीशीटर अपने साथ एक-एक पौधा लेकर कोतवाली पहुंचे। कोतवाल ने सभी हिस्ट्रीशीटरों से बात करते हुए कहा कि भगवान व अल्लाह को याद रखो और गलत काम छोड़ो। यदि थाने में किसी की हिस्ट्रीशीट खुलती हैं तो कभी भी बंद नहीं होती। हर चुनाव से पहले हिस्ट्रीशीटर की निगरानी होती है।
उन्होंने कहा कि प्रत्येक हिस्ट्रीशीटर उनके सरकारी नंबर पर हर सप्ताह दो या तीन बार उनसे बात करें। यदि कोई बात नहीं करेगा तो यह समझा जाएगा कि वह सक्रिय अपराधी है। कोतवाल प्रेमवीर राणा ने सभी हिस्ट्रीशीटरों से उनकी हिस्ट्रीशीट खुलने का कारण व हिस्ट्रीशीट नंबर पूछा। कहा कि प्रत्येक हिस्ट्रीशीटर अपना हिस्ट्रीशीट नंबर हमेशा याद रखें। कुछ हिस्ट्रीशीटरों ने कहा कि उनके ऊपर राजनीतिक दबाव के कारण मुकदमा दर्ज हुए हैं। कोतवाल ने उन्हें अपराध से तौबा करने की नसीहत दी।
यह भी पढ़ें: मेरठ पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 24 घंटे में 139 गिरफ्तार, अवैध हथियारों का जखीरा बरामद
कोतवाल ने कहा कि जिस अपराधी ने अपराध से पैसा कमा कर कोठी बना ली हैं ऐसे अपराधियों की भी लिस्ट बनाई जा रही है। सभी हिस्ट्रीशीटर को कहा कि अगर कोई सुधरना चाहता है तो पुलिस उसको पूरा मौका देगी। बाद में सभी हिस्ट्रीशीटरों ने अपने साथ लाए पौधे पुलिस को सौंपे।
कोतवाली प्रभारी प्रेमवीर राणा ने बताया कि कैराना कोतवाली क्षेत्र में करीब 144 हिस्ट्रीशीटर हैं, जिसमें 13 जेल में बंद हैं। 54 हिस्ट्रीशीटर लापता हैं। बाकी को कोतवाली में पूछताछ के लिए बुलाया गया था। सभी ने अपराध से तौबा करने की बात कही है।
नोट- इन खबरों के बारे आपकी क्या राय हैं। हमें फेसबुक पर कमेंट बॉक्स में लिखकर बताएं।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/