शामली। डीएम ने पंचायत चुनाव के दूसरे चरण की मतदान ड्यूटी से गायब रहे 35 कर्मचारियों का एक दिन का वेतन काटने के निर्देश दिए हैं।
पंचायत चुनाव के दूसरे चरण में कैराना ब्लाक में मतदान के लिए जिला प्रशासन ने पोलिंग पार्टियों को रवाना किया, लेकिन 35 कर्मचारी चुनाव ड्यूटी से गायब रहे। डीएम ओपी वर्मा ने ऐसे कर्मचारियों के विरुद्ध कैराना कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराने के निर्देश दिए।
अनुपस्थित रहे कर्मचारियों का 30 नवंबर का एक दिन का वेतन आहरित न करने के निर्देश दिए। आशंका के विपरीतशांतिपूर्ण मतदान को लेकर जहानपुरा गांव में पुलिस की सख्ती का असर माना गया। मतदान केंद्र पर पैरा मिलिट्री फोर्स और क्राइम ब्रांच की टीम तैनात रही।
डीएम-एसपी फोर्स के साथ भ्रमण करते रहे। गांव में ड्रोन चलवाकर संदेश दिया गया कि बवालियों को बख्शा नहीं जाएगा। उधर, कैराना में मतदान के समय अलग-अलग पोलिंग बूथों पर झगड़ा करने पर उतारू 10 युवकों को हिरासत में लेकर कोतवाली में बैठा लिया। बाद में साढे़ पांच बजे मतदान पूरा होने पर उन्हें निजी मुचलकों पर छोड़ा गया।
आर्य पुरी में एजेंटों में झड़प
कैराना देहात के आर्य पुरी में मतदान से पहले ही एजेंटों के बीच झड़प हो गई। इससे अफरा तफरी मच गई। पुलिस ने लाठियां फटकारी। इस दौरान पहुंचे प्रत्याशियों को भी पुलिस ने हड़काकर वहां से भगा दिया। पुलिस ने मतदान केंद्र पर एजेंटों को बूथ के अंदर प्रवेश करने नहीं दिया और कड़ी निगरानी रखी।
डॉन सरीखे मुकीम के पोस्टर
शामली। जहानपुरा गांव में चुनाव बेशक मुकीम की पत्नी जासमीन ने लड़ा, लेकिन प्रचार मुकीम के नाम का ही किया गया। हर गली में बैनर और पोस्टर लगाए गए। खास बात यह है कि बैनर-पोस्टरों पर मुकीम का फ्रेंच कट दाढ़ी और आंखों पर काला चश्मा लगे फोटो लगवाए गए।