जिले में 3191 लोगों को लगी कोरोनारोधी वैक्सीन
शामली। जिले में हुए कोरोनारोधी टीकाकरण में 3191 लोगों को कोरोनारोधी वैक्सीन लगी।
जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. राजकुमार सागर ने बताया कि बुधवार को जिले में 47 बूथों पर टीकाकरण हुआ। सभी बूथों पर 9400 लोगों को टीके लगाने का लक्ष्य रखा गया था। इनमें 1140 लोगों को पहली डोज का टीका और 2051 लोगों को दूसरी डोज का टीका लगा है। इस तरह से जिले में कुल 3191 लोगों को टीके लगे हैं। 33.95 प्रतिशत टीकाकरण हुआ है। टीकाकरण में 320 वॉयल खर्च हुई है।
उधर, कोरोना की तीसरी लहर के खतरे की संभावना के चलते स्वास्थ्य विभाग को फोकस सैंपलिंग अभियान चल रहा है। बुधवार को जिले में ई-रिक्शा और टैंपो चालकों के सैंपल लिए गए। सीएचसी के वरिष्ठ पर्यवेक्षक रोहित कुमार ने बताया कि सुबह को पहली शिफ्ट में टीम ने रोडवेज बस स्टैंड व रेलवे स्टेशन पर 75-75 सैंपल और दूसरी शिफ्ट में 50-50 सैंपल आरटीपीसीआर जांच के लिए लिए गए हैं।
इसके अलावा प्रति ब्लाक से 70-70 सैंपल लिए गए हैं। इस तरह से एक हजार से अधिक सैंपल आरटीपीसीआर जांच के लिए गए हैं। जसाला बीएसएल-2 लैब में आरएनए की जांच के लिए प्लेट मिल गई है। अब लैब में रोजाना करीब 200 सैंपलों की आरटीपीसीआर जांच हो रही है।