प्रतिक्रिया से कतराते रहे रालोद -सपा नेता
शामली। सचिन और गौरव के हत्यारोपियों को हुई सजा के बाद नेता भी अपनी प्रतिक्रिया देने से कतराते रहे। भाजपाइयों ने तो खुलकर प्रतिक्रिया दी, लेकिन सपा और रालोद नेता बयान देने से बचते रहे। दो दिन पहले भाईचारा सम्मेलन करने वाले रालोद के स्थानीय नेता इस मसले पर बात करने से कतराते रहे। पार्टी के एक स्थानीय बड़े नेता से प्रतिक्रिया लेने का प्रयास किया गया तो खुद को शादी समारोह में बताकर बात टाल दी। बाद में फोन करने को कहा, लेकिन नहीं आया। सपा के भी एक बड़े नेता से बात करने का प्रयास किया तो केवल कोर्ट का सम्मान करते हैं इतना भर कहा । ज्यादा कहने से बचने लगा कहा कि उन्हें अभी कोर्ट के फैसले की ज्यादा जानकारी नहीं है। कैराना सांसद तबस्सुम हसन से भी बात नहीं हो सकी।
न्याय की जीत हुई
न्यायालय का फैसला एक एतिहासिक फैसला है। इसमें न्याय की जीत हुई है। पीड़ित पक्ष को न्याय मिला है। हम न्यायालय के फैसले का सम्मान करते हैं।
मृगंाका सिंह भाजपा की महिला नेता
पीड़ित परिवार को न्याय मिला
सचिन और गौरव की हत्या बेहद निर्ममता से की गई थी। उन्हें तिल तिल कर मारा गया था, जितनी नृशंस वारदात आरोपियों ने की थी। वैसी ही सजा पाने के हकदार थे। कोर्ट के निर्णय का सम्मान करते हैं। पीड़ित परिवार को न्याय मिला है।
तेजेंद्र निर्वाल, भाजपा विधायक शामली
कोर्ट का फैसले का सम्मान
कोर्ट के निर्णय का सम्मान करते हैं। कवाल की घटना दुखद, सामाजिक सद्भाव के लिए घातक थी। दंगे से दोनों समुदाय के आपसी विश्वास को क्षति पहुंची, जिसकी भरपाई समय करेगा।
राव वारिस, पूर्व विधायक, कांग्रेेस नेता
फैसले का सम्मान
दोषी कोई भी हो। किसी भी बिरादरी का हो। उसे सजा मिलनी चाहिए। कोर्ट ने सचिन गौरव की हत्या के आरोपियों को सजा देकर पीड़ित परिवार को न्याय दिया है। हम कोर्ट के फैसले का सम्मान करते हैं।
बाबा सूरजमल बतीसा खाप
कोर्ट का फैसला एक सबक
बेहद निर्ममता से ये हत्या की गई थी। कोर्ट ने सचिन गौरव के परिजनों को न्याय दिया है। वह इस निर्णय का सम्मान करते हैं। ये फैसला गलत करने वालों के लिए सबक है।
सतपाल पहलवान, राष्ट्रीय महामंत्री निर्वाल खाप
परिवार को मिला न्याय
जितनी निर्ममता से सचिन गौरव की हत्या हुई थी आरोपियों को भी उतनी ही सख्त सजा मिलने की जरूरत थी। न्यायालय ने पीड़ित परिवार को न्याय दिया है।
अरविंद झाल बसपा कोआर्डिनेटर