अमर उजाला ब्यूरो
शामली। रविवार को नगर पालिका सभागार में आयोजित महिला ऐच्छिक ब्यूरो की बैठक में 16 पारिवारिक मामलों की सुनवाई हुई। इनमें दो मामलों में ही समझौता हो सका। बैठक में अभद्रता करने पर एक युवक को पुलिस ने हिरासत में ले लिया।
रविवार को पुलिस अधीक्षक अजय कुमार की अध्यक्षता में हुई बैठक में 16 मामलों की सुनवाई हुई। ब्यूरो के सदस्य बड़ी जद्दोजहद के बाद मात्र दो ही मामलों में समझौता कराने में सफल हो सके। दोनों दंपती खुशी-खुशी अपने घर चले गए। उधर, सुनवाई के दौरान शामली क्षेत्र के एक गांव निवासी महिला ने शिकायत करते हुए आरोप लगाया कि उसकी और उसके पति की करीब तीन साल पहले दूसरी शादी हुई थी। शादी के बाद से पति उनका शारीरिक और मानसिक उत्पीड़न कर रहा है। पति अभी भी पहली पत्नी के संपर्क में रहता है, जो उसे परेशान करा रही है। वह गर्भवती है लेकिन पति उसे अपने साथ रखने को तैयार नहीं है। इसके चलते वह अलग रह रही है। अब पति ने उसे खर्च और राशन देना भी बंद कर दिया है। महिला की शिकायत पर ब्यूरो सदस्यों ने युवक को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह नहीं माना और उनके साथ उल्टा सीधा बोलकर अभद्रता करने लगा। ब्यूरो सदस्यों की सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर युवक को हिरासत में ले लिया। बैठक में मीनू तालियान, मोनिका कपूर, दीपशिखा, अजय चौधरी, रामकुमार वर्मा, श्रीकांत जैन, बीना अग्रवाल, इशरत जहां, सरोज तोमर, ईश्वर दयाल कंसल, रीना गौतम, डाक्टर राजेंद्र गोयल आदि मौजूद रहे।