गन्ना क्रय केंद्र पर घटतौली पर किसानों का हंगामा
चौसाना। गन्ना क्रय केंद्र खोड़समा में घटतौली को लेकर किसानों ने हंगामा किया। किसानों ने क्रय केंद्र पर करीब डेढ़ क्विंटल की घटतौली होने का आरोप लगाया। पहले तो संचालक घटतौली को नकारते रहे, लेकिन जब बांट से गन्ने की तुलाई की गई तो घटतौली सामने आई। मिल अधिकारी ने पहुंचकर घटतौली न होने का आश्वासन देकर किसानों को शांत किया।
गांव खेाड़समा में ऊन शुगर मिल का गन्ना क्रय केंद्र है। इस क्रय केंद्र पर खोड़समा समेत आसपास के कई गांव के किसान गन्ना तुलवाने पहुंचते हैं। रविवार को किसानों ने एक बुग्गी के तौल पर करीब डेढ़ क्विंटल की घटतौली होने का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। पहले तो क्रय केंद्र संचालक घटतौली न होने की बात कहते रहे, लेकिन जब किसानों ने बुग्गी को लोहे के बांट से तोला तो घटतौली पकड़ में आई। इसके बाद संचालक बैकफुट पर आ गए। हंगामे की सूचना पर ऊन मिल के एसीएम संतोष सिद्धू ने पहुंचकर किसानों को समझाकर शांत किया। उन्होंने किसानों को आश्वासन दिया कि क्रय केंद्र पर घटतौली नहीं होने दी जाएगी। इसके बाद क्रय केन्द्र पर गन्ना तुलाई का कार्य शुरू हुआ। इस दौरान रविन्द्र प्रधान, राजेन्द्र चौधरी, श्रवण, बिटटू, सुबोध, कालू, जितेन्द्र आदि किसान मौजूद रहे।