ऊन ब्लाक क्षेत्र की गांव बीबीपुर जलालाबाद के ग्राम पंचायत सदस्यों और अन्य लोगों ने जिलाधिकारी को शिकायत पत्र देकर विकास कार्यों में अनियमितता बरतने का आरोप लगाया है।
डीएम इंद्र विक्रम सिंह को शिकायत पत्र देकर लोगों ने बताया कि ग्राम पंचायत में विकास कार्यों के नाम पर अनियमितता की जा रही हैं। आरटीआई के तहत सूचना मांगी थी, जिसमें स्कूल की चारदीवारी बनाने में पांच लाख रुपये का खर्च बताया गया, लेकिन मौके पर कार्य नहीं हुआ। आरोप है कि करीब 40 लाख रुपये विकास कार्यों के नाम पर खर्च कर दिए गए हैं। इस संबंध में ब्लाक स्तरीय अधिकारियों से भी कई बार शिकायतें की, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हो रही। उनकी मांग है कि मामले में गंभीरता से जांच कराकर कार्रवाई कराई जाए। शिकायत करने वालों में यशपाल सिंह, विनोद, दिनेश कुमार, नरेश, संजीव, अरविंद, जनकपाल धनगर और अंकित आदि शामिल रहे।