विद्युत निगम की लापरवाही ने ली दो बेजुबानों की जान
शामली।
शहर में गऊशाला रोड पर विद्युत निगम की उदासीनता ने दो बेजुबानों की जान ले ली। खुले में ट्रांसफार्मर रख दिया गया, जिसकी तारबंदी या फेंसिंग तक नहीं कराई गई। ट्रांसफार्मर से करंट लगने पर दो कुत्तों की मौत हो गई।
यह बात अलग है कि करंट लगने पर दो बेजुबानों की मौत हुई है, लेकिन विद्युत विभाग की लापरवाही किसी इंसान की जान पर भी भारी पड़ सकती है। शामली शहर में एकमात्र गऊशाला रोड ही नहीं, बल्कि अन्य इलाकों में भी इसी तरह खुले में ट्रांसफार्मर रख दिए गए हैं। सोमवार सुबह जब गऊशाला रोड पर ट्रांसफार्मर से करंट लगने पर दो कुत्तों की मौत हुई, तो वहां के लोगों में विद्युत विभाग की लापरवाही के प्रति रोष व्याप्त हो गया। मोहल्ले में रहने वाले अरविंद जैन, धीरज, मुकेश, नरेंद्र, राजकुमार और बबलू ने बताया कि खुले में रखे ट्रांसफार्मर की शिकायत पूर्व में भी कई बार अधिकारियों से की जा चुकी है। आम रास्ते के बराबर में रखे ट्रांसफार्मर के पास से बच्चे भी गुजरते हैं। इसके चलते हर समय हादसे का खतरा बना रहता है। लोगों का कहना है कि अभी तो ट्रांसफार्मर से करंट लगने पर दो कुत्तों की मौत हुई है, यदि विद्युत विभाग ने उदासीनता की चादर नहीं उतारी, तो किसी दिन बड़ी अनहोनी भी हो सकती है। जिसकी जिम्मेदारी विद्युत विभाग की होगी।