लापरवाही विद्युत निगम की, भुगत रहे किसान
थानाभवन। विद्युत निगम की कार्यशैली भी गजब है। किसान ने अपने खेत का बिल जमा कर रखा है और अधिकारियों ने किसान को नोटिस भेजकर नलकूप का कनेक्शन काट डाला। अब परेशान किसान कनेक्शन जुड़वाने के लिए सरकारी दफ्तरों के चक्कर काट रहा है।
गांव हसनपुर लुहारी निवासी ग्रामीण मांगेराम ने बताया कि उनके खेत का कनेक्शन पिता फूल्लू सिंह के नाम पर है। बताया कि उन्होंने 13 मई 2017 को अपना पुराना बिल जमा कर दिया था। उनके पास सिर्फ इस साल का बकाया बिल है, लेकिन दो दिन पहले विद्युत निगम की टीम उनके खेत पर पहुंची और उन्हें दो साल का बिल बकाया होने का नोटिस देते हुए उनका कनेक्शन काट दिया। इस पर पिछले साल तक का बिल जमा होने की रसीद भी दिखाई, लेकिन टीम ने उनकी एक न सुनीं। इसके अलावा भी क्षेत्र में ऐसे एक दर्जन से अधिक मामले ऐसे हैं। इसमें किसानों ने अपना बिल जमा कर रखा है। एसडीओ मनोज कुमार तंवर का कहना है कि यदि किसी के बिल में कोई गलती है तो उक्त व्यक्ति अपना बिल और पुरानी रसीद कार्यालय में लाकर संशोधित करा सकता है। इस मामले में भी जांच की जाएगी कि यह लापरवाही किस स्तर पर हुई है।