संकलन केंद्र और परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया
शामली।
यूपी बोर्ड परीक्षा के चलते मंगलवार को क्षेत्रीय उपसचिव व सहायक सचिव मेरठ ने संकलन केंद्र और परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने रजिस्टर, सीसीटीवी, सीटिंग प्लान, प्रश्नपत्रों के साथ ही अन्य रिकार्ड चेक किए। निरीक्षण में सभी व्यवस्था ठीक मिली। किसी भी परीक्षा केंद्र पर नकलची नहीं पकड़ा गया।
मंगलवार सुबह की पाली में चल रही इंटरमीडिएट नागरिक शास्त्र की परीक्षा में क्षेत्रीय उप सचिव मेरठ राजदेव सिंह व क्षेत्रीय सहायक सचिव शोभा रतोड़ी ने सुबह ही संकलन केंद्र व परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण करते हुए व्यवस्थाओं का जायजा लिया। सबसे पहले वह आरके कॉलेज शामली में बने संकलन केंद्र और परीक्षा केंद्र पर पहुंचे। वहां उन्होंने परीक्षा केंद्र पर लगे सीसीटीवी की फुटेज देखी। इसके बाद प्रश्नपत्रों का रिकार्ड चेक किया, सीटिंग प्लान चेक किया और परीक्षार्थियों की उपस्थिति का विवरण भी चेक किया। इसके बाद उन्होंने संकलन केंद्र पर पहुंचकर कोठार का ताला खुलवाकर उत्तर पुस्तिकाओं के रखने की व्यवस्था जानी। सभी व्यवस्था ठीक मिलने के बाद वह शहर के देशभक्त इंटर कॉलेज और ब्रिगेडियर होशियार सिंह इंटर कॉलेज परीक्षा केंद्र पर निरीक्षण करने पहुंचे। वहां पर कमरों का निरीक्षण किया और सीसीटीवी फुटेज भी चेक कराई। कई शिक्षकों के ड्यूटी कार्ड भी चेक किए। कार्यवाहक जिला विद्यालय निरीक्षक चंद्रशेखर ने बताया कि सचल दलों की भी परीक्षा केंद्रों पर छापामारी रही। किसी भी केंद्र पर कोई नकलची नहीं पकड़ा गया।
अंग्रेजी और नागरिक शास्त्र में 327 ने छोड़ी परीक्षा
बोर्ड परीक्षा में मंगलवार को इंटर की नागरिक शास्त्र और विज्ञान वर्ग की अंग्रेजी विषय की परीक्षा हुई। सभी केंद्रों पर 6988 परीक्षार्थी पंजीकृत रहे, जिसमें 327 ने परीक्षा छोड़ी और 6661 ने परीक्षा दी, जिसमें सुबह की पाली में कला वर्ग की नागरिक शास्त्र विषय की परीक्षा हुई, जिसमें 3685 पंजीकृत रहे, 3472 ने परीक्षा दी और 213 ने परीक्षार्थी परीक्षा से गैरहाजिर रहे। द्वितीय पाली में विज्ञान वर्ग की अंग्रेजी विषय की द्वितीय प्रश्नपत्र विषय की परीक्षा हुई, जिसमें सभी केंद्रों पर 3303 परीक्षार्थी पंजीकृत रहे। जिनमें से 3189 ने परीक्षा दी व 114 ने परीक्षा छोड़ दी।