किसानों ने जिलाधिकारी से मांग की
शामली।
शासन ने 14 दिन में बकाया गन्ना मूल्य भुगतान करने का आदेश दे रखा है, लेकिन शामली जिले की चीनी मिलें स्थिति में सुधार करने को तैयार नहीं है। भुगतान समय पर नहीं मिलने की वजह से किसानों में रोष बना हुआ है। शनिवार को किसानों ने जिलाधिकारी इंद्र विक्रम सिंह से मुलाकात कर गन्ना मूल्य भुगतान दिलाने की मांग की।
कलक्ट्रेट पहुंचे गठवाला खाप के थांबेदार चौधरी श्याम सिंह और उत्तर प्रदेश जाट महासभा के जिला महामंत्री सतपाल पहलवान ने कहा कि पड़ोसी जनपद मुजफ्फरनगर की तितावी शुगर मिल ने 15 दिसंबर तक का गन्ना मूल्य भुगतान कर दिया है, लेकिन शामली की अपर दोआब शुगर मिल शामली, शुगर मिल थानाभवन और शुगर मिल ऊन ने अब तक नवंबर माह का भुगतान भी किसानों को नहीं किया है। उन्होंने कहा कि जब प्रदेश सरकार ने 14 दिन में भुगतान करने का आदेश दे रखा है, तो शुगर मिल मालिक मनमानी क्यों कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि शुगर मिल मालिकों के खिलाफ कार्रवाई कराई जाए। इस पर जिलाधिकारी इंद्र विक्रम सिंह ने जिला गन्ना अधिकारी अनिल कुमार भारती से फोन पर वार्ता कर निर्देश दिया कि बकाया गन्ना मूल्य भुगतान के लिए शुगर मिल प्रबंधनों को पत्र भेजा जाए तथा भुगतान में गंभीरता लाई जाए।
पांच जनवरी तक भुगतान की स्थिति
चीनी मिल ---------- देय -------------- भुगतान-------------अवशेष ------- भुगतान प्रतिशत
शामली ------ 108 करोड़ 83 लाख --- 43 करोड़ 48 लाख -------65 करोड़ 35 लाख-----39.95
ऊन --------65 करोड़ 54 लाख ------- 42 करोड़ 18 लाख ------23 करोड़ 35 लाख ----- 64.37
थानाभवन --126 करोड़ 29 लाख ---- 67 करोड़ 14 लाख ------ 59 करोड़ 15 लाख ---- 53.16