शामली। कमांडेंट शशि कुमार ने रेलवे स्टेशन पर आरपीएफ थाने का निरीक्षण किया। अभिलेख देखे, हवालात और असलहों का निरीक्षण किया। बंदी हवालात में इलेक्ट्रिक प्वाइंट मिलने पर नाराजगी जताई। साथ ही निर्देश दिया कि ट्रेन में सफर करने वाले यात्रियों को स्टेशन पर सुरक्षित माहौल का अहसास कराया जाए। रेलवे सुरक्षा हेल्पलाइन 182 के बारे में लोगों को जागरूक करें।
कमांडेंट शशि कुमार बृहस्पतिवार को थाने पहुंचने पर आरपीएफ के जवानों ने उन्हें सलामी दी। इसके बाद कार्यालय में बैठक कर उन्होंने आवश्यक दिशा निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि रेलवे स्टेशन पर ट्रेन पहुंचने पर आरपीएफ के जवान बावर्दी प्लेटफार्म पर ट्रेन के डिब्बों के सामने तैनात रहें। खासकर महिलाओं की सुरक्षा के प्रति गंभीरता बरती जाएं। उन्होंने बताया कि ट्रेन में सुरक्षा को लेकर जल्दी ही जीआरपी के साथ विशेष चेकिंग अभियान भी चलाया जाएगा।
इसके बाद उन्होंने थाना कार्यालय परिसर, बंदी हवालात, मालखाना और शस्त्रागार का भी निरीक्षण किया। इस दौरान कारबाइन भी खुलवाकर चेक की। साथ ही बंदी हवालात में घुसकर निरीक्षण किया, तो वहां पर इलेक्ट्रिक प्वाइंट मिला, जिस पर उन्होंने नाराजगी जताई। कहा कि हवालात में इलेक्ट्रिक प्वाइंट नहीं होना चाहिए। आरपीएफ थाना प्रभारी अजय कुमार ने कहा कि इस प्वाइंट में पावर सप्लाई नहीं है। कमांडेंट ने कहा कि बेशक पावर सप्लाई नहीं है, लेकिन प्वाइंट भी हटवाया जाए, ताकि किसी प्रकार की घटना न होने पाए। इसके बाद कमांडेंट गाजियाबाद के लिए रवाना हो गए। इस दौरान आरपीएफ थाना प्रभारी अजय कुमार के अलावा प्रविंद्र सिंह चौहान, अमित, राजीव, विनीत और अन्य पुलिसकर्मी मौजूद रहे।