नगर के मोहल्ला हाफिज दोस्त में नगर पंचायत की ओर से निर्मित महात्मा ज्योतिराव फुले सामुदायिक भवन का निर्माण पूरा नहीं हुआ, लेकिन नगर पंचायत कार्यकारिणी का कार्यकाल पूरा होने से एक दिन पूर्व ही मंगलवार को उसका लोकार्पण कर दिया गया।
नगर पंचायत थानाभवन की पहली बोर्ड बैठक 26 जुलाई 2012 को हुई थी, जिसके चलते इसका कार्यकाल का अंतिम दिन माना गया। वहीं, नगर पंचायत की तरफ से मोहल्ला हाफिज दोस्त में महात्मा ज्योतिराव फुले सामुदायिक भवन का निर्माण कराया गया। निर्माण अभी तक पूरा नहीं हुआ है, लेकिन कार्यकाल समाप्त होने के एक दिन पूर्व ही मंगलवार को नगर पंचायत चेयरमैन संजय शर्मा ने इसका लोकार्पण करा दिया। इस दौरान नगर पंचायत चेयरमैन संजय शर्मा ने कहा कि नगर में 17 भवनों का निर्माण अब तक कराया है। इस दौरान विकास कौशिक, जावेद अहमद, राजपाल प्रजापति, चूहड सिंह, अतर सिंह भगत, ओमप्रकाश सैनी, विक्रम पाल, अशोक सैनी, मूलचंद और मनोज कुमार आदि मौजूद रहे।