बधाई मांगने गए किन्नरों से मारपीट
कांधला(शामली)। मोहल्ला नई बस्ती में एक परिवार में बेटे का जन्म होने पर बधाई मांगने पहुंचे किन्नर के साथ मारपीट कर दी गई। किन्नर ने लूटपाट का आरोप भी लगाया और पुलिस को सूचना दे दी। पुलिस दोनों पक्षों को थाने ले आई, जिसके बाद किन्नरों ने थाने पर प्रदर्शन कर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। देर रात तक दोनों पक्ष थाने में जमा रहे।
मोहल्ला नई बस्ती निवासी एक परिवार में चार दिन पूर्व बेटे का जन्म हुआ। बृहस्पतिवार शाम सोनी किन्नर अपने साथियों सहित बधाई मांगने उनके घर पहुंच गई। परिवार के लोगों ने उनसे कहा कि किन्नरों का दूसरा ग्रुप बधाई ले गया है। इसको लेकर विवाद हो गया। किन्नर सोनी ने पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी कि उसके साथ मारपीट कर लूटपाट की गई। इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और किन्नर तथा विपक्षी तीन लोगों को पकड़कर थाने ले आई। इसके बाद किन्नर सोनी के पक्ष में भी कुछ किन्नर इकट्ठा होकर थाने पहुंच गए और कार्रवाई की मांग को लेकर हंगामा प्रदर्शन करने लगे। वहीं, दूसरे पक्ष के लोग भी थाने पर इकट्ठा हो गए। पुलिस ने उन्हें समझा बुझाकर शांत किया।
उधर, कस्बा कांधला के मोहल्ला रायजादगान निवासी बसंत और आशीष में गाली गलौज के बाद मारपीट हो गई। बसंत ने आरोप लगाया कि आशीष ने उसकी दुकान पर पहुंचकर गाली गलौज की और विरोध करने पर मारपीट करने लगा। मौके पर पहुंची पुलिस दोनों युवकों को थाने ले आई। मारपीट में दोनों युवक घायल हो गए, जिसके चलते दोनों ने एक दूसरे के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। पुलिस मामले की जांच कर रही है।