जिले में 31.58 प्रतिशत हुआ टीकाकरण
शामली। कोरोनारोधी वैक्सीन के टीकाकरण अभियान में लक्ष्य के सापेक्ष 31.58 प्रतिशत टीकाकरण हुआ। 4500 के लक्ष्य के सापेक्ष 1421 लोगों को कोरोनारोधी टीके लगाए गए।
सीएमओ डॉ. संजय अग्रवाल ने बताया कि जिले में कोरोना के खिलाफ चल रहे अभियान में 29 बूथों पर टीकाकरण चल रहा है। शुक्रवार को सभी 29 बूथों पर 4500 लोगों को टीके लगाने का लक्ष्य रखा गया, जिनमें 859 लोगों को पहली डोज का और 562 लोगों को दूसरी डोज के टीक लगे हैं। कुल 1421 लोगों को टीके लगाए गए। इस तरह से जिले में लक्ष्य के सापेक्ष 31.58 प्रतिशत टीकाकरण हुआ है। टीकाकरण में 146 वॉयल खर्च हुई है।
सीएमओ ने बताया कि 45 वर्ष से अधिक उम्र के 142984 लोगों को टीके लगाने के लक्ष्य के सापेक्ष अब तक 59275 लोगों को पहली डोज का टीका लगाया गया, जो लक्ष्य का 40.85 प्रतिशत है। इस आयु वर्ग के 12240 लोगों ने दूसरी डोज का टीका लगवाया है। उधर, कैराना सीएचसी पर 45 लोगों को कोरोनारोधी वैक्सीन लगाई गई। इसके अलावा पीएचसी भूरा पर 12, पीएचसी कंडेला पर 55, पीएचसी डुंडुखेडा पर 60 व पीएचसी ऊंचागांव पर 40 लोगों को वैक्सीन के टीके लगाए गए।