कैराना के गांव इस्सोपुर खुरगान में कुर्क की गई गैंगस्टर के आरोपियों की भूमि।
- फोटो : SHAMLI
गैंगस्टर के आरोपियों की 30 लाख की भूमि कुर्क
कैराना (शामली)। डीएम के आदेश पर एसडीएम ने गांव इस्सोपुर खुरगान में गैंगस्टर के मुकदमे के आरोपी दो सगे भाइयों की 30 लाख कीमत की भूमि कुर्क कर ली। टीम ने भूमि की पैमाइश कराने के बाद चारों ओर निशानदेही करते हुए बोर्ड भी लगा दिए।
शासन ने गैंगस्टर के आरोपियों की गलत तरीके से अर्जित की गई संपत्तियों को कुर्क करने के आदेश दिए है। गांव इस्सोपुर खुरगान निवासी दो सगे भाई फुरकान उर्फ कुरबान व आलिम वर्ष 2017 में तमंचे की फैक्टरी संचालित करते हुए पकड़े गए थे। दोनों के खिलाफ गैंगस्टर का मुकदमा चल रहा है। शनिवार को डीएम जसजीत कौर के आदेश पर एसडीएम संदीप कुमार व सीओ जितेंद्र कुमार, राजस्व टीम पुलिस बल के साथ गांव इस्सोपुर खुरगान पहुंचे। एसडीएम ने फुरकान व आलिम की भूमि की पैमाइश कराई। जिसके बाद टीम ने फुरकान उर्फ कुरबान की कुल 0.2972 हेक्टेयर भूमि कुर्क की, जिसकी कीमत करीब 30 लाख रुपये बताई गई। भूमि की पैमाइश कर चारों ओर निशान लगा दिए। भूमि के बीच प्रशासन द्वारा कुर्की का बोर्ड लगा दिया गया। एसडीएम संदीप कुमार ने इस कार्रवाई की जानकारी दी।