शामली। जिले के रोटन गांव में शामली टेक्सटाइल पार्क में इस साल के आखिर में औद्योगिक इकाई स्थापित होने का कार्य शुरू हो जाएगा। दिल्ली और मेरठ के दो उद्यमियों को 27 प्रतिशत भूमि आवांटित की गई है। पार्क के लिए बिजली खंभे, ट्रांसफार्मर और बिजली लाइन लगाने के लिए एक करोड़ 41 लाख रुपये का एस्टीमेट मेरठ हथकरघा के माध्यम से कानपुर निदेशालय को भेजा जाएगा।
जिले के करनाल रोड पर रोटन गांव में शामली टेक्सटाइल पार्क स्थापित करने के लिए 27 एकड़ भूमि निजी डवलपर की ओर से अधिग्रहण की जा चुकी है। दिल्ली व मेरठ के दो उद्यमियों को शामली टेक्सटाइल पार्क में कुल भूमि का 27 प्रतिशत हिस्सा आवंटित किया गया है। पार्क के लिए बिजली खंभे, ट्रांसफार्मर और बिजली लाइन लगाने का एक करोड़ 41 लाख रुपये का एस्टीमेट मेरठ हथकरघा विभाग के माध्यम से कानपुर निदेशालय को भेजा जाएगा। आयनेक्स टेक्सटाइल पार्क शामली दिल्ली एनसीआर क्षेत्र में वस्त्र उद्योग औद्यौगिक क्रांति के रूप में उभर रहा है। टैक्सटाइल पार्क के निजी डवलपर रवि भूषण अरोड़ा ने बताया कि आयनेक्स टेक्सटाइल पार्क जीरो लिक्विड डिस्चार्ज सिस्टम है। 97 प्रतिशत से अधिक अपशिष्ट जल का पुनर्चक्रण करेगा। पार्क में पर्यावरण एवं प्रदूषण नियंत्रण मानकों को सक्षम बनाएगा। डाइंग और प्रोसेसिंग यूनिट स्थापित करने के लिए पार्क को एक अलग पहचान देगा। पार्क में स्किल डेवलपमेंट सेंटर स्थापित होगा। टेक्सटाइल पार्क एनसीआर क्षेत्र में वस्त्र और परिधान निर्माताओं के लिए नए मानक स्थापित करेगा। मेरठ हथकरघा विभाग के सहायक निदेशक अनिल कुमार दीक्षित ने बताया कि शामली टेक्सटाइल पार्क के बिजली, सड़क के सभी एस्टीमेट हथकरघा विभाग मेरठ के माध्यम से कानपुर निदेशालय को भेजे जाएंगे।