शामली। जिले के रोटन गांव में स्थित 27 एकड़ भूमि को शामली टेक्सटाइल पार्क के नाम ट्रांसफर करने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। इसके बाद यहां उद्यमी अपने कारोबार तथा औद्योगिक इकाइयों की स्थापना की प्रक्रिया शुरू करेंगे।
शामली टेक्सटाइल पार्क के लिए 27 एकड़ भूमि उसके हिस्सेदारों के नाम खरीदी गई है। पार्क की भूमि पर हिस्सेदारों द्वारा पक्की चहारदीवारी कराई जा चुकी है। इसके अलावा टीन शेड युक्त कार्यालय भी मौके पर निर्मित है। गत 24 जनवरी को प्रदेश के विशेष सचिव शेष मणि त्रिपाठी ने शामली और मुजफ्फरनगर जिलों के अधिकारियों के साथ बैठक कर शामली टेक्सटाइल पार्क का निरीक्षण करते हुए कार्य प्रगति की समीक्षा की थी।
मेरठ–सहारनपुर मंडल के हथकरघा विभाग के निदेशक मनोज सहाय ने बताया कि शामली टेक्सटाइल पार्क के हिस्सेदारों के नाम दर्ज भूमि को पार्क के नाम ट्रांसफर करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इसके लिए स्टांप ड्यूटी माफ कराने संबंधी पत्रावली जिला उद्योग केंद्र की उपायुक्त को भेज दी गई है। उपायुक्त के अनुमोदन के बाद यह पत्रावली सहायक आयुक्त निबंधन एवं प्रमुख सचिव (स्टांप) के माध्यम से शासन को भेजी जाएगी।
उन्होंने बताया कि शामली टेक्सटाइल पार्क में मेरठ और दिल्ली के दो इकाई मालिकों ने 27 प्रतिशत भूमि खरीद ली है तथा फरवरी माह से औद्योगिक इकाइयों की स्थापना का निर्णय लिया है।