शामली/कांधला। क्षेत्र के गांव मलकपुर में शादी का झांसा देकर युवती से दुष्कर्म करने के आरोपी जुनैद (32) ने शनिवार शाम कमरे में फंदे से लटककर आत्महत्या कर ली। युवक के खिलाफ करीब पांच महीने पहले कैराना निवासी युवती ने पुलिस में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। आत्महत्या करने से पहले युवक ने वीडियो बनाया, जिसमें युवती व उसकी बहन पर मानसिक रूप से प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। आरोपी को न्यायालय से गिरफ्तारी पर स्टे मिला होने के कारण पुलिस ने उसे गिरफ्तार नहीं किया था। पुलिस ने मृतक की मां शानो की तहरीर पर कैराना क्षेत्र निवासी दो बहनों व उनकी मां व पिता के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में प्राथमिकी दर्ज की है।
गांव मलकपुर निवासी जुनैद शनिवार शाम परिजनों को घर पर कमरे में फंदे से लटका हुआ मिला। परिजनों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को फंदे से उतरवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। बताया गया कि जुनैद ट्रक चलाने का कार्य करता था। पुलिस ने बताया गया कि पांच माह पूर्व कैरान क्षेत्र निवासी एक युवती ने जुनैद पर शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने का आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज कराया था।