शामली। केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्रालय से दिल्ली-देहरादून इकनॉमिक कॉरिडोर में जा रही 11 गांवों के किसानों की भूमि का मुआवजा जारी कर दिया है। इसके लिए 265 करोड़ 76 लाख 45 हजार 696 रुपये प्रशासन को मिल गए हैं। 11 गांवों के किसानों की भूमि के रिकार्ड मंगाकर सत्यापन किया जा रहा है। तहसीलदार से रिकार्ड आने के बाद किसानों को मुआवजा वितरण का कार्य शुरू हो जाएगा।
दिल्ली-देहरादून इकनॉमिक कॉरिडोर की 22 जनवरी 2020 को भारत माला परियोजना के तहत स्वीकृति हुई थी। 13 अक्तूबर 2020 को छह लेन के इस हाईवे की तीन-ए की अधिसूचना जारी की गई। किसानों की आपत्ति की सुनवाई करते हुए सक्षम अधिकारी एसडीएम सदर संदीप सिंह ने तीन-डी की कार्रवाई की। जिसके बाद जिले के कुल 22 गांवों में से 16 गांवों के किसानों की भूमि के मुआवजा का अवार्ड बनाकर बागपत इकाई के माध्यम से भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय नई दिल्ली को भेजा था।
वहां से जिले के 11 गांवों के किसानों की भूमि का 265 करोड़ 76 लाख 45 हजार 696 रुपये का मुुआवजा जारी कर दिया है। सक्षम अधिकारी एसडीएम ने बताया कि दिल्ली-देहरादून इकनॉमिक कॉरिडोर एक्सप्रेस-वे की जद में 22 गांव के किसानों की जमीन आ रही है। इनमें से 11 गांव भैसानी इस्लामपुुर, हसनपुर लुहारी, उमरपुर, कैड़ी, बंतीखेड़ा, कांजरहेड़ी, रायपुर, चूनसा, बाबरी, गोगवान, नागल आदि गांवों के किसानों की भूमि का मुुआवजा प्राप्त हो गया है। किसानों की भूमि का सत्यापन तहसीलदार अशोक शर्मा से कराया जाएगा।
अक्षरधाम से शुरू होकर सहारनपुर तक जाएगा हाईवे
शामली। दिल्ली के अक्षरधाम से बागपत जिले के खेकड़ा ईस्टर्न पेरीफेरल एक्सप्रेस-वे से होता हुआ बागपत जिले के काठा, पाली, महनवा, अग्रवाल मंडी टटीरी, ब्राह्मण पुट्ठी, निरोजपुर गुर्जर, सूजरा, सरुरपुरकला बड़का, वाजिदपुर लोहड्डा, बिजरौल, गांगनौली, टीकरी, मुजफ्फरनगर जिले के राजपुर छाजपुर, डूंगर, कमरुदीनगर, फुगाना, खेेड़ामस्तान, करौदा महाजन, शामली, जिले में, खेड़ामस्तान, लांक, खेड़ी पट्टी, भाजू भिक्का माजरा, कैड़ी, कांजरहेड़ी, खानपुर, बुटराड़ा, हसनपुर लुहारी, सहारनपुर जिले के बाईपास गणेश पुर चौक तक जाएगा।
----------------
दिल्ली-देहरादून इकनॉमिक कॉरिडोर एक्सप्रेस-वे
- बागपत, मुजफ्फरनगर, शामली, सहारनपुर जनपदों में बनेगा।
- शामली जिले की 215.74 हेक्टेयर भूमि जाएगी हाईवे में
- जिले में हाईवे की कुल लंबाई 54 किमी।