नदी से कब्जा हटाने पर भिड़े दो पक्ष
चौसाना (शामली) खोखरी नदी की खोदाई के दौरान कब्जाधारी आपस में भिड़ गए। दोनों पक्षों में जमकर लाठी-डंडे चले। इस मामले में पुलिस ने चार आरोपियों महताब, गफ्फार, अनीश और महफूज का शांतिभंग की आशंका में चालान कर दिया।
चौसाना में खोखरी नदी पर लोगों ने कब्जा कर बिटोड़े, भूसे के कूप व पशुओं को बांधने के लिए घेर आदि बना रखे हैं। मंगलवार को ड्रेनेज खंड के कर्मचारी जब कब्जा हटाने के लिए जेसीबी लेकर नदी पर पहुंचे, तो ग्रामीणों के हंगामे के बाद पुलिस को बुलाना पड़ा था। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर हंगामा कर रहे कब्जाधारकों को खदेड़ा था। बुधवार को दो पक्ष नदी की खोदाई के बाद बची हुई जगह पर कब्जा लेने के लिए आपस में भिड़ गए। दोनों पक्षों में जमकर लाठी-डंडे चले। सूचना पर पहुंची पुलिस के अनुसार नदी पर बची जमीन को लेकर गफ्फार व बाजुद्दीन पक्ष में झगड़ा हो गया था। दोनों पक्षों के दो-दो लोगों का शांतिभंग की आशंका में चालान किया गया है।