संवाद न्यूज एजेंसी
शामली। पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के तहत एक्सईएन द्वितीय कार्यालय में जागरुकता शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें 26 लोगों ने योजना का लाभ लेने के लिए रजिस्ट्रेशन कराए।
एसई राजेश तोमर ने उपभोक्ताओं को बताया कि इस योजना के तहत एक किलोवाट पर 30 हजार, दो किलोवाट पर 60 हजार, तीन किलोवाट पर 78 हजार और तीन किलोवाट से अधिक क्षमता के संयंत्र लगाने पर 78 हजार तक की सब्सिडी दी जा रही है।
पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के लिए केंद्रीय पोर्टल से आवेदन प्रक्रिया शुरू हो गई है। यूपीसीएल ने इस पोर्टल पर राज्य में आवेदन संबंधी सभी औपचारिकताएं समय से पहले ही पूरी कर दी हैं।
एसई ने बताया कि नेशनल पोर्टल pmsuryaghar.gov.in के माध्यम से राज्य के निवासी सीधे आवेदन कर सकते हैं। यहां आवेदन के साथ योजना से जुड़ी सभी जानकारियां भी ली जा सकती हैं। बताया कि दो दिन तक लगाए गए शिविर में 300 से ज्यादा लोगों ने जानकारी हासिल कीं।
कहा कि किसी भी दिन बिजलीघरों में जाकर भी लोग योजना के बारे में जानकारी हासिल कर सकते हैं।