संवाद न्यूज एजेंसी
शामली। जिले की विभिन्न सीएचसी और जन सुविधा केंद्रों पर 70 साल से अधिक उम्र के बुजुर्गों के आयुष्मान कार्ड बनाने का कार्य शुरू कर दिया है। सीएमओ ने लोगों से योजना का लाभ उठाने की अपील की।
मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. अनिल कुमार ने बताया कि प्रधानमंत्री वय वन्दना योजना का शुभारम्भ किया गया है। योजना के अन्तर्गत जिन नागरिकों की उम्र आधार कार्ड के अनुसार 70 वर्ष या 70 वर्ष से अधिक है, ऐसे समस्त नागरिकों के आयुष्मान कार्ड बनाये जाएंगे।
इसके तहत पांच लाख रुपये तक का प्रति वर्ष निशुल्क, कैसलेस उपचार किया जाता है। जिन नागरिकों की उम्र 70 वर्ष या अधिक की है, उनके द्वारा आधार कार्ड एवं आधार से जुड़ा हुआ मोबाइल नंंबर एवं अपना फोटो लाकर नजदीकी सीएचसी अथवा जनसेवा केन्द्र पर जाकर अपना आयुष्मान कार्ड बनवाया जा सकता है।
ऐसे नागरिकों द्वारा https://beneficiary.nha.gov.in/ पर जाकर स्वयं अथवा घर के सदस्यों से भी अपना आयुष्मान कार्ड बनवाया जा सकता है।