: बदमाश पर दर्ज हैं 39 मुकदमे, तमंचा और कारतूस बरामद
कैराना। सोमवार रात लगभग एक बजे पुलिस और 25 हजार के इनामी गैंगस्टर इनाम उर्फ धुरी के बीच भूरा–झिंझाना रोड पर मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में बदमाश के पैर में गोली लगी और वह घायल हो गया। घायल बदमाश को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
एएसपी संतोष सिंह ने बताया कि इनाम पर रंगदारी, जानलेवा हमला, पुलिस मुठभेड़ समेत विभिन्न धाराओं में करीब 39 मुकदमे दर्ज हैं। उसके विरुद्ध गैंगस्टर एक्ट का मुकदमा भी दर्ज है, जिसमें वह वांछित चल रहा था।
मुठभेड़ के दौरान बदमाश ने पुलिस पर फायरिंग की। जवाबी फायरिंग में गोली लगने से वह पकड़ा गया, जबकि उसका एक साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। पुलिस ने उसके कब्जे से अवैध तमंचा और जिंदा कारतूस बरामद किए। घायल बदमाश को इलाज के बाद कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।