शामली। जनपद में कोरोना संक्रमण की रफ्तार तेजी से बढ़ रही है। रविवार को जनपद में कोरोना पॉजिटिव के 25 नए केस मिले हैं। इनमें शामली शहर और क्षेत्र में 15 लोग और थानाभवन कस्बा व क्षेत्र में 10 लोग संक्रमित मिले हैं।
रविवार को जनपद में आई सैंपलों की रिपोर्ट में 25 लोग कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। इनमें कई महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं। शामली क्षेत्र के गांव टिटौली में नौ लोगों के सैंपल की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव मिली है। इनमें छह और आठ साल की दो लड़की, 18 साल का युवक, 58 साल, 35 साल और 74 साल की तीन महिलाएं, 76 साल का व्यक्ति, 28 साल का युवक, 40 साल का व्यक्ति कोरोना संक्रमित मिला है। इन सभी के सैंपल की एंटीजन किट से जांच की गई। गांव भैंसवाल में 35 और 61 साल की दो महिलाएं और 23 साल का युवक कोरोना संक्रमित पाया गया है। शामली में अलग-अलग दो निजी अस्पतालों के स्टाफ के तीन लोग कोरोना संक्रमित मिले। इनमें एक अस्पताल से 38 साल की महिला और 37 साल का युवक जबकि दूसरे अस्पताल के स्टाफ का 24 वर्षीय युवक संक्रमित मिला है। इनकी जांच भी एंटीजन किट से की गई थी।
थानाभवन के मोहल्ला खानका में 45 साल, 24 साल, 30 साल और 44 साल की चार महिलाएं संक्रमित पाई गई। इनके अलावा इसी मोहल्ले में तीन साल की लड़की और सात साल का लड़का, 16 साल की किशोरी भी पॉजिटिव मिला। 60 वर्षीय व्यक्ति की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव मिली। थानाभवन क्षेत्र के गांव हसनपुर लुहारी में 34 वर्षीय युवक कोरोना संक्रमित मिला है। इन सभी के सैंपल की जांच मेरठ मेडिकल में हुई है। कस्बा जलालाबाद के मोहम्दीगंज निवासी 37 वर्षीय व्यक्ति के सैंपल की रिपोर्ट एंटीजन किट की जांच में कोरोना पॉजिटिव मिली है। डीएम जसजीत कौर ने बताया कि रविवार को जनपद में कोरोना पॉजिटिव के 25 नए केस मिले हैं। जिले में कोरोना पॉजिटिव के एक्टिव केस की संख्या बढ़कर 186 हो गई है।