शामली। सहारनपुर रीजन से उत्तराखंड राज्य के शहरों के लिए बृहस्पतिवार को 23 यूपी रोडवेज बसों का संचालन शुरू हुआ। वहीं उत्तराखंड में रोडवेज बसों के संचालन का आदेश राज्य मुख्यालय से न आने से हरियाणा रोडवेज की बसों का शामली होकर उत्तराखंड के लिए संचालन नहीं हो पाया।
कोरोना संक्रमण बढ़ने से 22 मार्च 2020 से पूरे देश में प्राइवेट, रोडवेज बसों व ट्रेनों संचालन बंद चल रहा था। अनलॉक की प्रक्रिया खत्म होने के बाद प्रदेश में रोडवेज और प्राइवेट बसों का संचालन शुरू कर दिया था। दो दिन पूर्व उत्तराखंड राज्य ने एक अक्तूबर से दूसरे प्रांतों में रोडवेज बसो के संचालन की अनुमति दी थी, मगर हरियाणा राज्य मुख्यालय से रोडवेज डिपो मुख्यालय को उत्तराखंड राज्य के लिए रोडवेज बसों के संचालन की अनुमति नहीं आई। जिससे हरियाणा से शामली होकर हरिद्वार, ऋषिकेश, देहरादून आदि शहरों के लिए रोडवेज बसों का संचालन नहीं हो पाया है। हरियाणा राज्य परिवहन विभाग के पानीपत डिपो मुख्यालय से यातायात प्रबंधक चंद्र प्रकाश का कहना है कि हरियाणा राज्य मुख्यालय चंडीगढ़ परिवहन विभाग से उत्तराखंड राज्यों के शहरों के लिए रोडवेज बसों के संचालन का आदेश प्राप्त नहीं हुआ है। सहारनपुर के एआरएम नवनीत मित्तल ने बताया कि यूपी रोडवेज के सहारनपुर रीजन से बृहस्पतिवार को 23 रोडवेज बसों का संचालन शुरू हो गया है।
उदयपुर-हरिद्वार स्पेशल ट्रेन आज आएगी
संवाद न्यूज एजेंसी
शामली। कोरोना काल के सवा छह माह बाद पांच राज्य मेें होकर जाने वाली उदयपुर-हरिद्वार स्पेशल ट्रेन के संचालन से सवारियों को राहत मिलेगी।
उत्तर रेलवे के यातायात अधीक्षक सुनील कुमार धीमान ने बताया कि राजस्थान के उदयपुर से चलकर दिल्ली और शामली से होकर हरिद्वार जाने वाली स्पेशल एक्सप्रेस ट्रेन शुक्रवार को सुबह 6.25 बजे शामली आएगी। यहां से हरिद्वार के लिए रवाना होगी। हरिद्वार यह स्पेशल ट्रेन सुबह 10.30 बजे पहुंचेगी। शुक्रवार को देर रात 8.55 बजे हरिद्वार से चलकर शामली रात्रि 11 बजे पहुंचकर दिल्ली के रास्ते अजमेर होते हुए उदयपुर पहुंचेगी। राजस्थान, हरियाणा, दिल्ली, वेस्ट यूपी के गाजियाबाद, बागपत, शामली, सहारनपुर जिले की सवारियों को हरिद्वार जाने में सुविधा होगी।